दतिया के कस्बा सेवढ़ा में बस स्टैंड क्षेत्र में मंगलवार सुबह करीब साढ़े 11 बजे अंगद मंदिर के पास एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। अज्ञात हमलावरों ने 40 वर्षीय युवक को पत्थर और बका से ताबड़तोड़ वार कर मौत के घाट उतार दिया। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से इलाके में हड़कंप मच गया और कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मृतक की पहचान अखिलेश यादव (40) पुत्र गब्बर बाबा निवासी गांव ईंगुई, हाल निवास अंगद कॉलोनी सेवढ़ा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि, अखिलेश बस स्टैंड पर दूध की डेयरी का संचालन करता था। साथ ही वह दफिना उखाड़ने का काम भी करता था। घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और आक्रोशित होकर चक्का जाम करने का प्रयास किया। हालांकि पुलिस ने समझाइश देकर स्थिति को नियंत्रित कर लिया। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पत्थर-बका से हमला, कट्टा भी बरामद
सेवढ़ा एसडीओपी अजय चानना ने बताया कि, मृतक पर पत्थर और बका से कई वार किए गए हैं। घटनास्थल से एक कट्टा भी बरामद हुआ है। हालांकि गोली चलने की पुष्टि फिलहाल नहीं हो सकी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति स्पष्ट होगी। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसडीओपी अजय चानना और थाना प्रभारी सुनील बनोरिया पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। घटनास्थल को सील कर साक्ष्य जुटाए गए हैं। आरोपियों के पहचान के लिए पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.