उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा शुक्रवार देर शाम दरभंगा पहुंचे। उनके आगमन पर जिलाध्यक्ष आदित्य नारायण चौधरी सहित पार्टी कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। कार्यकर्ताओं से मुलाकात के बाद उपमुख्यमंत्री सीधे कुमार कपिलेश्वर सिंह के आवास पहुंचे, जहां उन्होंने महारानी कामसुंदरी देवी के निधन पर शोक संवेदना व्यक्त की।
इस अवसर पर कुमार कपिलेश्वर सिंह और राजेश्वर सिंह ने उपमुख्यमंत्री का स्वागत किया। विजय कुमार सिन्हा ने महारानी के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की और शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि दरभंगा महाराज की बिहार और देश के इतिहास में महत्वपूर्ण भूमिका रही है, जिस पर पूरा देश गौरवान्वित है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश की विरासत को विकास के साथ जोड़कर सम्मान देने का कार्य कर रहे हैं।
ये भी पढ़ें- Bihar: नीट छात्रा की संदिग्ध मौत मामले में SIT ने छठी बार गांव पहुंचकर की लंबी पूछताछ, इन तथ्यों की ली जानकारी
उल्लेखनीय है कि उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा शनिवार को दरभंगा में आयोजित भूमि सुधार जन कल्याण संवाद कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस दौरान वे जिले के लोगों की जमीन से जुड़ी समस्याओं को सुनेंगे। कार्यक्रम की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
कुमार कपिलेश्वर सिंह ने कहा कि उपमुख्यमंत्री ने उनकी दादी के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी और दरभंगा महाराज द्वारा बिहार व देश के लिए किए गए कार्यों की सराहना की। उन्होंने बताया कि दरभंगा के इतिहास से जुड़ी एक पुस्तक भी उपमुख्यमंत्री को भेंट की गई।
पत्रकारों से बातचीत में उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि वे मिथिला की गौरवशाली विरासत को नमन करने आए हैं। उन्होंने कहा कि विरासत ही विकास की नींव है और जिस दिन विरासत का सम्मान शुरू हो जाएगा, उस दिन विकास की गति चौगुनी हो जाएगी। उन्होंने दोहराया कि दरभंगा महाराज की ऐतिहासिक भूमिका पर पूरा देश गर्व करता है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.