दरभंगा के नेहरू स्टेडियम में मिथिला लोक उत्सव 2025-26 का भव्य शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। उद्घाटन समारोह में बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, बिहार सरकार के पर्यटन, कला एवं संस्कृति विभाग के मंत्री अरुण शंकर प्रसाद, मंत्री मदन सहनी, सांसद डॉ. गोपाल जी ठाकुर, राज्यसभा सांसद धर्मशिला गुप्ता, विधान पार्षद हरि सहनी, जिला परिषद अध्यक्ष सीता देवी, जिलाधिकारी कौशल कुमार मौजूद रहे। उद्घाटन के बाद अतिथियों ने अलग-अलग विभागों और स्थानीय उद्यमियों की ओर से लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया। प्रदर्शित उत्पादों और कलाकृतियों की सराहना की। स्टॉलों में मिथिला पेंटिंग, हस्तशिल्प, पारंपरिक खाद्य पदार्थ और स्थानीय उत्पाद आकर्षण का केंद्र रहे। देर रात तक सांस्कृतिक कार्यक्रम का दौर चलता रहा। मिथिलांचल का गौरवशाली इतिहास बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने नई पीढ़ी से अपनी सांस्कृतिक जड़ों को सहेजने का आह्वान किया। मंत्री मदन सहनी ने राज्य सरकार की योजनाओं और मिथिलांचल के गौरवशाली इतिहास पर प्रकाश डाला। सांसद डॉ. गोपाल जी ठाकुर, राज्यसभा सांसद धर्मशिला गुप्ता और विधान पार्षद हरि सहनी ने मिथिला की परंपराओं के संरक्षण की आवश्यकता पर बल दिया। मुख्य अतिथि मंत्री अरुण शंकर प्रसाद ने कहा कि मिथिला की लोक संस्कृति और लोक कलाएं हमारी पहचान का अभिन्न अंग हैं। पारंपरिक उत्पाद आज अंतरराष्ट्रीय पहचान बना रहे हैं। कला एवं संस्कृति विभाग की ओर से पूरे बिहार में 252 से अधिक महोत्सव आयोजित किए जाते हैं। स्थानीय कलाकारों को सम्मान जिलाधिकारी कौशल कुमार ने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य दरभंगा और मिथिला क्षेत्र की समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं, लोक कलाओं और विरासत को व्यापक मंच प्रदान करना है, ताकि स्थानीय कलाकारों को सम्मान और पहचान मिल सके। मिथिला लोक उत्सव 2025-26 के आयोजन से न केवल सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि पर्यटन, स्थानीय रोजगार और क्षेत्रीय विकास को भी नई गति मिलेगी। महोत्सव के दौरान नौकायन प्रतियोगिता, कबड्डी प्रतियोगिता, मिथिला ग्राम मंच, लोक गाथा प्रस्तुति, पारंपरिक मिथिला भित्ति चित्र प्रतियोगिता आयोजित किए जाएंगे।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.