दरभंगा में एलपीजी गैस आपूर्ति को लेकर आज प्रेस क्लब में प्रेस वार्ता आयोजित की गई। इस दौरान जिला आपूर्ति पदाधिकारी सुरेश कुमार ने गैस उपलब्धता और होम डिलीवरी व्यवस्था को लेकर अहम जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मंगलवार से दो गैस एजेंसियों की ओर से होम डिलीवरी सेवा शुरू कर दी गई है, जबकि बुधवार से जिले की सभी गैस एजेंसियों की ओर से यह सेवा पूरी तरह लागू कर दी जाएगी। इससे उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर अब सीधे उनके घर तक उपलब्ध कराया जाएगा। रसोई गैस की कोई कमी नहीं जिला आपूर्ति पदाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जिले में रसोई गैस की कोई कमी नहीं है और पर्याप्त मात्रा में सिलेंडर उपलब्ध हैं। उन्होंने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में गैस आपूर्ति का चक्र लगभग 45 दिनों का है, जबकि शहरी क्षेत्रों में यह अवधि करीब 25 दिनों की है। बुकिंग के बाद 1 से 2 दिनों के भीतर होम डिलीवरी के जरिए सिलेंडर पहुंचा दिया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि जिला नियंत्रण कक्ष में प्राप्त शिकायतों का निवारण संबंधित गैस एजेंसियों के माध्यम से कराया जा रहा है, ताकि उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो। आम लोगों से अपील करते हुए उन्होंने कहा कि किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें और घबराकर गैस सिलेंडर का अनावश्यक भंडारण न करें। प्रशासन की ओर से पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है। कालाबाजारी के खिलाफ होगी सख्त कार्रवाई कालाबाजारी करने वालों को कड़ी चेतावनी देते हुए उन्होंने कहा कि ऐसे तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और नियमित रूप से छापेमारी अभियान भी चलाया जाएगा।
आंकड़ों के अनुसार, 17 मार्च को जिले में 8166 से अधिक गैस सिलेंडरों का वितरण किया गया, जबकि 13385 सिलेंडर एजेंसियों के गोदामों में उपलब्ध हैं। 18 मार्च को 12005 सिलेंडर आने और करीब 25390 सिलेंडरों के वितरण की संभावना जताई गई है। जिला प्रशासन की ओर से गैस वितरण व्यवस्था की लगातार निगरानी की जा रही है, ताकि सभी उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्ध हो सके। इस मौके पर सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के उप निदेशक सत्येंद्र प्रसाद भी मौजूद रहे।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.