जिले के मगरोन थाना क्षेत्र अंतर्गत बेली गांव में शुक्रवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक बंद मकान में रखे घरेलू गैस सिलेंडर में अचानक भीषण ब्लास्ट हो गया। धमाका इतना जबरदस्त था कि एक मकान पूरी तरह धराशायी हो गया, जबकि आसपास के दो अन्य मकानों में गहरी दरारें आ गईं। गनीमत रही कि घटना के वक्त घर में कोई मौजूद नहीं था, वरना बड़ा जानलेवा हादसा हो सकता था।
छत फाड़कर बाहर निकला सिलेंडर
जानकारी के मुताबिक बेली गांव निवासी खरगराम अहिरवार के घर में रखा गैस सिलेंडर अचानक विस्फोट के साथ फट गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार धमाके की आवाज कई सौ मीटर दूर तक सुनाई दी। ब्लास्ट इतना शक्तिशाली था कि सिलेंडर छत को चीरता हुआ ऊपर जा गिरा और पक्का मकान मलबे में तब्दील हो गया। आसपास धूल का गुबार छा गया और लोग दहशत में घरों से बाहर निकल आए।
खेत पर था परिवार, टला बड़ा हादसा
बताया जा रहा है कि सुबह परिवार ने भोजन बनाने के बाद घर में ताला लगाकर खेत पर बटरा की थ्रेशिंग के लिए चले गए थे। दोपहर में उनकी बेटी ने भी खाना बनाया और सिलेंडर बंद करने के बाद मकान में ताला लगाकर वह भी खेत चली गई। इसी दौरान बंद घर के भीतर अचानक विस्फोट हो गया। ग्रामीणों का कहना है कि यदि उस समय परिवार के सदस्य घर में मौजूद होते तो जनहानि से इंकार नहीं किया जा सकता था।
धमाके की तीव्रता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि पड़ोस में रहने वाले दयाराम अहिरवार और रामदास अहिरवार के मकानों की दीवारों में दरारें पड़ गईं और छतों को भी नुकसान पहुंचा है। धमाके के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना हुआ है।
ये भी पढ़ें: Indore News: कैंसर से लेकर अप्लास्टिक एनीमिया तक का इलाज, इंदौर में 1 मार्च को होम्योपैथी का महाकुंभ
मगरोन थाना प्रभारी बीएल पटेल ने बताया कि मकान मालिक और उसकी बेटी से पूछताछ की गई है। बेटी का कहना है कि वह गैस सिलेंडर बंद करके गई थी। ऐसे में बंद मकान में सिलेंडर कैसे फटा, यह जांच का विषय है। पुलिस ने मलबे से सिलेंडर के अवशेष जब्त कर लिए हैं और तकनीकी जांच कराई जाएगी।
मुआवजे की मांग
इस भीषण हादसे में गृहस्थी का पूरा सामान नष्ट हो गया है। पीड़ित परिवार ने प्रशासन से मुआवजे की मांग की है। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार लाखों रुपए का नुकसान हुआ है।
गांव में इस घटना के बाद लोग सहमे हुए हैं और गैस सिलेंडर की सुरक्षा को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और विस्फोट के असली कारणों का पता लगाने का प्रयास जारी है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.