हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय (सीयू) धर्मशाला शनिवार को अपना नौवां दीक्षांत समारोह राजकीय डिग्री काॅलेज धर्मशाला के सभागार में मनाएगा। इस समारोह में उप राष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन मुख्यातिथि के रूप में शिरकत करेंगे। सुबह करीब 10:30 बजे उप राष्ट्रपति गगल स्थित कांगड़ा हवाई अड्डे पर पहुंचेंगे, जहां हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल कविंद्र गुप्ता और भाजपा सांसद समेत जिला के प्रशासनिक अधिकारी उनका स्वागत करेंगे। इसके बाद उप राष्ट्रपति सीधे कार्यक्रम स्थल पर पहुंचेंगे और करीब 90 मिनट तक दीक्षांत समारोह में मौजूद रहेंगे। समारोह के लिए सीयू प्रशासन के पास करीब 509 अभ्यर्थियों ने अपना पंजीकरण करवाया है।
उपाधियां हासिल करने वाले अभ्यर्थियों को सुबह 10 बजे सभागार में पहुंचना जरूरी होगा। उप राष्ट्रपति सीयू के 12 मेधावियों को गोल्ड मेडल देंगे, जिनमें नौ मेधावी पीजी और तीन यूजी कोर्सों के होंगे। इसके अलावा आठ मेधावियों को पीजी डिग्री देंगे। जिन मेधावियों ने अपना पंजीकरण करवाया, उसमें यूजी के 57, पीजी के 415, पीएचडी के 33 और एमफिल के चार मेधावी शामिल हैं। समारोह में मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, हमीरपुर से सांसद अनुराग ठाकुर, कांगड़ा संसदीय क्षेत्र के सांसद डाॅ. राजीव भारद्वाज, प्रदेश कृषि मंत्री प्रो. चंद्र कुमार भी शिरकत करेंगे।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.