सागर जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र में बुधवार शाम एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। पुरानी रंजिश के चलते एक युवक ने अपने साथियों के साथ मिलकर समोसा बेचने वाले दंपति पर कटर से जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में पति चंद्रलेश चौरसिया (50) की मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी शशि चौरसिया गंभीर रूप से घायल हैं।
दुकान पर आए और शुरू कर दी मारपीट
मिली जानकारी के अनुसार, पुरव्याऊ स्थित गणेश मंदिर के पास चंद्रलेश चौरसिया अपनी दुकान पर थे। शाम करीब 7:30 बजे उनका भतीजा शैलेश चौरसिया अपने 4-5 साथियों के साथ वहां पहुंचा। पहले किसी बात को लेकर कहासुनी हुई और फिर आरोपियों ने मारपीट शुरू कर दी। देखते ही देखते शैलेश ने कटर निकाला और चंद्रलेश के गले और शरीर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए।
ये भी पढ़ें- 3 करोड़ के बैंक ऋण में सुनियोजित धोखाधड़ी का मामला, ईओडब्ल्यू ने दर्ज की FIR
बचाने आई पत्नी को भी नहीं बख्शा
जब पति को बचाने के लिए पत्नी शशि चौरसिया आगे आईं, तो हमलावरों ने उन पर भी कटर से हमला कर उन्हें लहूलुहान कर दिया। मौके पर मौजूद दंपति का 14 वर्षीय बेटा राजा चौरसिया किसी तरह भागकर अपनी जान बचाने में सफल रहा। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि हमला इतना अचानक और हिंसक था कि किसी को संभलने का मौका ही नहीं मिला।
जमीनी विवाद बना मौत का कारण
पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि यह हमला किसी तात्कालिक विवाद का परिणाम नहीं, बल्कि पुरानी रंजिश का हिस्सा था। आरोपी भतीजे शैलेश और मृतक चंद्रलेश के बीच लंबे समय से जमीनी विवाद चल रहा था। इसी खुन्नस में आरोपियों ने इस वारदात को अंजाम दिया। घटना के तुरंत बाद घायलों को बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने चंद्रलेश को मृत घोषित कर दिया। पत्नी की हालत फिलहाल नाजुक बनी हुई है।
इलाके में तनाव का माहौल
इस घटना के बाद शहर के व्यस्ततम इलाकों में से एक पुरव्याऊ में दहशत का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और वे आरोपियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.