संतकबीरनगर। प्रतिबंधित कफ सिरप बरामदगी के मामले की जांच में तेजी आ गई है। पुलिस ने संकल्प मेडिकल स्टोर गोला बाजार और लाइफ मेडिकल स्टोर भिटवा टोला के क्रय विक्रय के कागजात को कब्जे में ले लिया है। जीएसटी के बारे में पता लगाने के लिए राज्य कर विभाग से रिकॉर्ड मांगे गए हैं। अब तक की जांच में दुकानदारों ने लखनऊ की दो फर्मों से प्रतिबंधित कफ सिरप क्रय करने की बात कही है।
खाद्य एवं औषधि विभाग ने 13 नवंबर को कल्पना पत्नी संतोष कुमार गुप्ता के प्रतिष्ठान संकल्प मेडिकल स्टोर गोला बाजार के साथ ही लाइफ मेडिकल स्टोर भिटवा टोला का निरीक्षण किया था। विभाग की सूची के अनुसार औषधियों के क्रय-विक्रय बिल की जांच की गई थी। यहां से प्रतिबंधित कोडीन युक्त कोडिवा सिरप 4520 शीशी और 6056 प्रोक्सविन स्पास कैप्सूल बरामद हुआ था। फर्म संचालक दवाओं के क्रय विक्रय के संबंध में कोई कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके। दोनों मेडिकल स्टोर के लाइसेंस निरस्त कर दिए गए थे।
औषधि निरीक्षक प्रीति सिंह की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने 21 नवंबर को दोनों मेडिकल स्टोर संचालकों पर केस दर्ज किया था। इधर, विवेचक कोतवाली के एसएसआई प्रमोद यादव ने दोनों दुकानदारों से क्रय विक्रय के कागजात कब्जे में ले लिया है। साथ जमा की गई जीएसटी की जांच के लिए राज्य कर विभाग को पत्र लिखकर जानकारी मांगी है। एसएसआई के अनुसार दुकानदारों ने इसे लखनऊ के दो फर्मों से क्रय विक्रय करने की बात कही है। विवेचक ने बताया कि जांच तेजी से की जा रही है। राज्य कर विभाग से जीएसटी के बारे में रिकॉर्ड आने के बाद आगे की कार्रवाई शुरू की जाएगी।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.