इंदौर के भगीरथपुरा क्षेत्र में दूषित पानी पीने से 16 लोगों की मौत के मामले ने पूरे प्रदेश में राजनीतिक हलचल बढ़ा दी है। इस घटना के विरोध में कांग्रेस पार्टी ने मंगलवार को आगर मालवा में प्रदेश सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया।
दोपहर करीब 1 बजे आगर शहर के रातोड़िया तालाब पर कांग्रेस कार्यकर्ता और पदाधिकारी एकत्र हुए। उन्होंने प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान मुख्यमंत्री और नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए उनका फोटो लगा पोस्टर प्रतीकात्मक रूप से तालाब के गंदे पानी में डुबोया गया। कांग्रेस नेताओं ने इस कार्रवाई के माध्यम से यह संदेश दिया कि दूषित पेयजल की जिम्मेदारी सीधे सरकार और संबंधित विभागों की है।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि इंदौर जैसे बड़े शहर में दूषित पानी के कारण लोगों की मौत होना प्रशासनिक विफलता का बड़ा उदाहरण है। उन्होंने आरोप लगाया कि समय रहते जल आपूर्ति की जांच और सुधार नहीं किया गया, जिसके कारण लोगों की जान गई। कांग्रेस ने इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषी अधिकारियों व जिम्मेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के इस्तीफे की भी मांग की गई। इस अवसर पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष विजयालक्ष्मी तंवर, प्रदेश प्रवक्ता गुड्डू लाला सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे।
कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार ने इस मामले में शीघ्र कार्रवाई नहीं की तो 11 जनवरी को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के नेतृत्व में व्यापक आंदोलन किया जाएगा।

Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.