बेमेतरा जिले में अवैध धान खरीद, भंडारण और बिक्री पर सख्त कार्रवाई की गई है। राजस्व और खाद्य विभाग की टीमों ने कई राइस मिलों और दुकानों की छापामारी कर 4,782 बोरी धान जब्त किया। इसकी अनुमानित कीमत लगभग 44 लाख रुपये है।
इस कार्रवाई में हनुमंत राइस मिल (खमरिया) से 488 बोरी, टीकाराम राइस मिल (भंसुली) से 294 बोरी, मान्या ट्रेडर्स (बीजा) से 3,500 बोरी, चेतन अनाज भंडार (बीजा) से 300 बोरी और बेदामी राइस मिल (बीजा) से 200 बोरी धान जब्त किया गया। जब्त किए गए धान के संबंध में दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
अवैध धान परिवहन और भंडारण पर होगी सख्त कार्रवाई
जिला कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि अवैध धान परिवहन और भंडारण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। खाद्य विभाग, राजस्व विभाग और मंडी समिति की टीमें स्वतंत्र और समानांतर रूप से क्षेत्रवार जांच करेंगी। बिना वैध दस्तावेजों के धान को तुरंत जब्त किया जाएगा और संबंधित लोगों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

मुलमुला में व्यापारी का गोदाम सील
इसी अभियान के तहत, ग्राम मुलमुला में फुटकर व्यापारी भोलाराम देवांगन के गोडाउन में छापामारी की गई। निरीक्षण के दौरान व्यापारी ने जानबूझकर गोडाउन की चाबी नहीं दी। जांच में पाया गया कि वहां लगभग 350 बोरी अवैध धान का भंडार किया गया था। किसी भी प्रकार के वैध दस्तावेज या अनुमति पत्र नहीं मिलने पर प्रशासन ने गोदाम को सील कर दिया।
जिला प्रशासन ने किसानों और व्यापारियों से अपील की है कि वे धान उपार्जन, भंडारण और बिक्री केवल सरकार द्वारा अधिकृत केंद्रों और नियमों के अनुसार करें। किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
कलेक्टर ने कहा- अवैध धान पर निगरानी जारी रहेगी
कलेक्टर ममगाईं ने कहा, यह अभियान केवल एक दिन का नहीं है। अवैध धान खरीदी और भंडारण पर निरंतर, नियमित और आकस्मिक निगरानी जारी रहेगी ताकि किसानों के हितों की रक्षा और पारदर्शी धान उपार्जन व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.