आजमगढ़। होली पर्व के मद्देनजर जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं की तैयारियों एवं आपातकालीन व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए सोमवार को सीएमओ डॉ. एनआर वर्मा ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बरदह का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान सीएमओ ने 24 घंटे संचालित आपातकालीन सेवाओं, दवाओं की उपलब्धता एवं उपचार व्यवस्था का अवलोकन किया। प्रभारी चिकित्सक मरीजों का उपचार करते हुए मिले, जबकि फार्मासिस्ट द्वारा दवाओं का वितरण व्यवस्थित रूप से किया जा रहा था। सीएमओ ने ओपीडी में पहुंचे मरीजों से संवाद कर उन्हें मिल रही स्वास्थ्य सुविधाओं एवं निःशुल्क दवा वितरण की जानकारी भी ली। अस्पताल परिसर की अधिकांश व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं। हालांकि कुछ चिकित्सक एवं स्वास्थ्य कर्मी अनुपस्थित मिले, जिस पर सीएमओ ने गंभीर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने संबंधित कार्मिकों को कार्यालय खुलने के बाद तीन दिवस के भीतर स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। सीएमओ ने जनपद के सभी अधीक्षक एवं प्रभारी चिकित्साधिकारियों को निर्देशित किया कि होली पर्व के दौरान जिन चिकित्सकों एवं पैरामेडिकल स्टाफ की विशेष ड्यूटी निर्धारित की गई है, वे अपने तैनाती स्थल पर अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें। जिलाधिकारी को प्रेषित ड्यूटी रोस्टर का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.