युद्ध प्रभावित अरब देशों में फंसे पंजाबियों की सुरक्षित वापसी के लिए राज्य सरकार सक्रिय हो गई है। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने मंगलवार को केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री के. राम मोहन नायडू से फोन पर बात कर विशेष विमान चलाने की अपील की। वहीं, एनआरआई मामलों के मंत्री डॉ. रवजोत सिंह ने दिल्ली में केंद्रीय मंत्री से मुलाकात कर स्थिति से अवगत कराया।
सीएम ने भरोसा जताया कि जल्द ही सभी पंजाबी सुरक्षित स्वदेश लौटेंगे। सहायता के लिए एनआरआई विंग के 24×7 कंट्रोल रूम नंबर 0172-2600042, 0172-2600043 और व्हाट्सएप 94787-79112 जारी किए गए हैं।
मंत्री रवजोत ने बताया कि उड़ानों की संख्या घटने से कई एयरलाइंस किराए में भारी वृद्धि कर रही हैं। उन्होंने इन रूटों पर किराया नियंत्रण लागू करने और विशेष राहत उड़ानें शुरू करने की मांग की। केंद्रीय मंत्री ने राज्य सरकार की चिंताओं पर प्राथमिकता से विचार का आश्वासन दिया है।
अमृतसर से दुबई, शारजाह व दोहा की 10 उड़ानें रद्द
ईरान, इस्राइल व अमेरिका के बीच युद्ध के कारण सोमवार को दुबई, शारजाह, दोहा आने-जाने वाली करीब 10 उड़ानें रद्द रहीं। इसका कारण ईरान-दुबई का एयरस्पेस बंद होना रहा। इनमें सोमवार रात 1.15 बजे दुबई से आने वाली उड़ान, रात 2.40 बजे दोहा से आने वाली व जाने वाली उड़ानों में सुबह 4.10 पर दोहा, सुबह 8.50 बजे दुबई, दोपहर 12 बजे शारजाह जाने वाली उड़ानें रद्द रहीं। युद्ध की वजह से आगे भी अरब व खाड़ी देशों की उड़ानें बंद रह सकती हैं।
एसएसबी और महिंद्रा ग्रुप का 460 करोड़ निवेश, 700 को रोजगार
उद्योग एवं वाणिज्य, निवेश प्रोत्साहन मंत्री संजीव अरोड़ा ने बताया कि एसएसबी ग्रुप और महिंद्रा हॉलिडेज एंड रिजॉर्ट्स इंडिया लिमिटेड पंजाब में 460 करोड़ रुपये का निवेश करेंगे। इस निवेश के तहत अमृतसर में हरिमंदिर साहिब के निकट 110 करोड़ रुपये की लागत से होटल बनाया जाएगा।
मंत्री ने मंगलवार को प्रेसवार्ता में बताया कि महिंद्रा ग्रुप पहली बार पंजाब में निवेश कर रहा है। कंपनी की ओर से 300 करोड़ रुपये से प्रीमियम रिजॉर्ट और 50 करोड़ रुपये से 90 हजार वर्गफुट में अत्याधुनिक कन्वेंशन सेंटर का निर्माण होगा। यह प्रोजेक्ट अमृतसर के वाघा रोड स्थित गांव खासा में लगभग 15 एकड़ क्षेत्र में विकसित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस परियोजना से करीब 700 लोगों को रोजगार मिलेगा। मंत्री ने कहा कि नए कन्वेंशन सेंटर और रिजॉर्ट से अमृतसर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय आयोजनों, डेस्टिनेशन वेडिंग और कॉर्पोरेट सम्मेलनों का प्रमुख केंद्र बनकर उभरेगा।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.