किशनगंज के सदर थाना क्षेत्र में बुधवार को रामजान नदी में डूबने से एक बच्चे की मौत हो गई। मृतक की पहचान छैतनटोला वार्ड नंबर 19 निवासी आरिफ आलम के रूप में हुई है।
यह घटना खगड़ा श्मशान घाट के पास काली मंदिर के निकट हुई, जब दो बच्चे नदी किनारे खेल रहे थे।
घंटों की मशक्कत के बाद बच्चे का शव नदी से निकाला
स्थानीय निवासी चंद्रकिशोर राम के अनुसार, दोनों बच्चे खेलते हुए नदी के पास पहुंचे और उनका पैर फिसलने से वे पानी में गिर गए। मौके पर मौजूद एक जेसीबी चालक ने तुरंत कार्रवाई करते हुए एक बच्चे को बचा लिया, लेकिन दूसरा बच्चा गहरे पानी में डूब गया।
सूचना मिलने पर स्थानीय लोग घटनास्थल पर पहुंचे और घंटों की मशक्कत के बाद बच्चे का शव नदी से बाहर निकाला गया।
परिजनों ने बच्चे के शव को घर ले जाकर अंतिम संस्कार की तैयारी शुरू कर दी। उन्होंने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया।
नदी को कर रहे गहरा, सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं
स्थानीय लोगों ने इस घटना के लिए रामजान नदी में चल रहे पुनरुद्धार कार्य को जिम्मेदार ठहराया है। उनका आरोप है कि नदी को गहरा करने के इस कार्य के दौरान सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं किए गए हैं।
नदी किनारे न तो बैरिकेडिंग लगाई गई है और न ही कोई चेतावनी बोर्ड, जिसके कारण यह हादसा हुआ। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि पुनरुद्धार कार्य के साथ-साथ सुरक्षा उपायों को भी प्राथमिकता दी जाए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.