मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने शुक्रवार को कहा कि प्रदेश सरकार जनकल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार इस बार ऐसा बजट लाएगी जो समूचे प्रदेश के विकास में हितकारी होगा। जम्मू संभाग के आठ जिलों से मिले सुझाव काफी दूरदृष्टि वाले हैं। इनको बजट की योजनाओं में शामिल कर सरकार सुदूर क्षेत्रों का विकास तय करेगी।
सीएम ने जम्मू सचिवालय में आयोजित बजट पूर्व बैठक की अध्यक्षता की। उन्होंने कहा, बजट को आम तबके का बनाने के लिए बैठकें कर सुझाव लिए जा रहे हैं। कश्मीर संभाग के बाद जम्मू संभाग में उद्योगपतियों समेत अधिकारियों से बैठकें कर चर्चा की गई है। ये सलाह-मशविरे सिर्फ औपचारिकता नहीं बल्कि जमीनी स्तर पर लोगों की जरूरतों और उनकी प्राथमिकताओं को समझने के लिए एक जरूरी प्रक्रिया है। यह सिर्फ एक औपचारिकता होती तो वे बैठक नहीं बुलाते। उन्होंने बताया कि बजट से पहले यह प्रक्रिया पिछले साल शुरू की गई थी।
इस साल भी भागीदारी वाली शासन व्यवस्था को मजबूत करने के लिए इसे जारी रखा गया है। इन बैठकों का मुख्य उद्देश्य जन प्रतिनिधियों को सुनना और बजट तैयार करते समय व्यवहार्य सुझावों को शामिल करना है। उन्होंने कहा, मंत्रियों को इन सलाह-मशविरे की रिपोर्ट मिलती है ताकि विभागीय प्राथमिकताएं तय करते समय जरूरी सुझावों को शामिल किया जा सके। बाकी मुद्दों पर बजट बहस, अनुदान और कटौती प्रस्तावों के दौरान चर्चा होगी।
विधायकों को आश्वासन दिया कि निर्वाचन क्षेत्र-विशिष्ट मांगों को दर्ज कर लिया गया है। सीएम ने कहा कि विभिन्न फंडिंग माध्यमों जिनमें यूटी कपैक्स, जिला योजनाएं और केंद्र प्रायोजित योजनाएं शामिल हैं, में प्राथमिकताओं को समायोजित करने का प्रयास किया जाएगा। प्राथमिकताओं की जो लिस्ट एक साल पहले शुरू की थी उसे इस साल भी आगे बढ़ाया जाएगा। बजट की कमी के कारण हर मांग को शामिल नहीं किया जा सकता है लेकिन पिछले साल शुरू किए गए प्राथमिकता वाले काम पूरे किए जाएंगे।
बर्फबारी, बाढ़ और भारी बारिश से हुए नुकसान का जिक्र करते हुए सीएम ने कहा कि प्रभावित इलाकों की मरम्मत और बहाली के लिए 1430 करोड़ रुपये के राहत पैकेज का समझदारी से इस्तेमाल करने की जरूरत है। बैठक में उपमुख्यमंत्री सुरिंदर कुमार चौधरी, मंत्री सकीना इत्तू, जावेद राणा, सतीश शर्मा और मुख्यमंत्री के सलाहकार नासिर असलम वानी मौजूद थे।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.