रंगों के त्योहार होली को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। त्योहार के दौरान शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिलेभर में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। पुलिस ने साफ कर दिया है कि होली के नाम पर हुड़दंग कर माहौल खराब करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। कोतवाली थाना प्रभारी आशीष कुमार ने बताया कि होली के दौरान किसी भी तरह की अव्यवस्था बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पुलिस अधीक्षक अजय पाण्डेय द्वारा जिले के सभी थाना-चौकी प्रभारियों को त्योहार शांतिपूर्वक संपन्न कराने के लिए सख्त निर्देश जारी किए गए हैं। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए लाइन से अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया है। पुलिस के मुताबिक होली पर्व के मद्देनजर पूरे क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी गई है और चप्पे-चप्पे पर निगरानी रखी जा रही है। संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरती जा रही है ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोका जा सके। पुलिस ने चेतावनी दी है कि नशे में धुत होकर हुड़दंग करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। ऐसे लोगों को पहले से चिन्हित कर निगरानी रखी जा रही है जो त्योहार के दौरान माहौल खराब करने की कोशिश करते हैं। साथ ही पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और सोशल मीडिया जैसे व्हाट्सएप या फेसबुक पर भ्रामक जानकारी साझा न करें। यदि कहीं कोई गड़बड़ी दिखाई दे तो तुरंत पुलिस को सूचना दें। थाना प्रभारी ने कहा कि यदि कोई व्यक्ति शराब के नशे में उपद्रव करता हुआ मिलता है तो उसे थाने में बैठाकर ही उसकी होली मनाई जाएगी।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.