छतरपुर शहर में 10वीं बोर्ड परीक्षा देकर लौट रहे एक छात्र का अपहरण कर बेरहमी से पिटाई की गई। करीब दो दर्जन युवकों ने छात्र को रेलवे स्टेशन के पास ले जाकर पीटा और धमकी दी कि यदि उसने घटना की जानकारी किसी को दी तो अगले पेपर में उसे गोली मार देंगे। डरा-सहमा छात्र अपने परिजनों के साथ थाने पहुंचा और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। यह घटना शुक्रवार को हुई जब मॉडल स्कूल का छात्र नरेश यादव हाईस्कूल की साइंस परीक्षा देकर अपने साथियों के साथ घर लौट रहा था। वे सिविल लाइन थाना क्षेत्र स्थित फोर लाइन के पास पहुंचे, तभी 20-25 युवक वहां आ गए। प्रत्यक्षदर्शी और साथी छात्र विष्णु सिंह चंदेल ने बताया कि हमलावरों के हाथों में हथियार थे। उन्होंने 5-6 छात्रों को घेर लिया और नरेश को जबरन पकड़कर ले जाने लगे। जब अन्य छात्रों ने इसका विरोध किया, तो उनके साथ भी मारपीट की गई। साथी छात्रों के अनुसार, आरोपी नरेश को कट्टे की नोक पर फोर सड़क से रेलवे स्टेशन की ओर ले गए। साथियों ने तुरंत नरेश के परिजनों को घटना की सूचना दी। परिजन उसे ढूंढते हुए मौके पर पहुंचे, लेकिन नरेश ने उस समय फोन नहीं उठाया। एक घंटे तक बंधक और मारपीट
घटना के एक घंटे बाद उसे छोड़ा गया तो नरेश ने बताया कि रेलवे स्टेशन और लाइन के पास ले जाकर उसके साथ जमकर मारपीट की गई और जान से मारने की धमकी दी गई। उसने बताया कि उन लोगों ने उसका फोन छीन लिया था और फोन में कुछ करते रहे। साथ ही किसी का फोन आता तो धमकाकर हमसे कहते कि उठा लो और कहो कि हम आते हैं और फिर फोन छीन लेते थे। उन लोगों ने मुझे बहुत बुरी तरह मारा और कहा कि अगर किसी को बताया तो अबकी गोलीं मारेंगे। उसने कहा कि वह कुछ आरोपियों को पहचानता है, जिनमें से एक छात्र परीक्षा कक्ष में उसके बगल में बैठा था। और कुछ उसके पहचान वाले ही हैं जिन्हें वह अच्छे से जानता है। प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि विवाद की जड़ इंस्टाग्राम पर हुई कहासुनी है। नरेश के मुताबिक सोशल मीडिया पर गाली-गलौज के बाद आरोपियों ने बदला लेने की धमकी दी थी। थाने पहुंचे पीड़ित और परिजन
घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र की है, जबकि पीड़ित का निवास ओरछा रोड थाना क्षेत्र में आता है। परिजन पहले ओरछा रोड थाने पहुंचे, जहां से घटनास्थल सिविल लाइन क्षेत्र में होने के कारण उन्हें वहां रिपोर्ट दर्ज कराने भेज दिया गया। फिलहाल छात्र और उसके साथी दहशत में हैं और परीक्षा के दौरान सुरक्षा की मांग कर रहे हैं।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.