छतरपुर में आवारा कुत्तों का आतंक एक बार फिर सामने आया है। घर के बाहर खेल रहे 4-5 वर्षीय मासूम सलमान पर एक कुत्ते ने हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। बच्चे के सिर और चेहरे पर गहरे घाव आए हैं। उसे तत्काल जिला अस्पताल के ट्रॉमा वार्ड में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
परिजनों के अनुसार घटना के समय सलमान बाहर खेल रहा था। तभी अचानक एक आवारा कुत्ता उस पर झपट पड़ा। बच्चे की मां अनीशा ने बताया कि कुत्ते ने सलमान के सिर और चेहरे को जबड़े में दबोच लिया और उसे घसीटने लगा। चीख-पुकार सुनकर माता-पिता मौके पर पहुंचे और उसे छुड़ाने का प्रयास किया लेकिन कुत्ता छोड़ने को तैयार नहीं था।
परिजनों के पास कोई लाठी-डंडा नहीं था। ऐसे में उन्होंने साहस दिखाते हुए कुत्ते पर जूट का बोरा डाल दिया तब जाकर कुत्ता बच्चे को छोड़कर भागा। बच्चे का चेहरा बुरी तरह लहूलुहान था और सिर पर गंभीर घाव थे, हादसे के बाद तुरंत उसे जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
ये भी पढ़ें: Umaria News: ऑनलाइन पार्सल ट्रेक कर रहे थे रिटायर्ड शिक्षक, साइबर ठगों ने उड़ाए ढाई लाख, जांच में जुटी पुलिस
बच्चे का इलाज कर रहे डॉ. मनोज चौधरी ने बताया कि हमले में बच्चा गंभीर रूप से घायल हुआ है। उसे एंटी-रेबीज वैक्सीन और आवश्यक इंजेक्शन लगाए गए हैं। डॉक्टरों के अनुसार सिर और गर्दन के आसपास कुत्ते के काटने पर रेबीज का खतरा अधिक रहता है, क्योंकि वायरस सीधे दिमाग और स्पाइनल कॉर्ड को प्रभावित कर सकता है, जिससे जान का खतरा भी हो सकता है। उन्होंने सलाह दी कि कुत्ते के काटने की किसी भी घटना में तुरंत अस्पताल जाकर एंटी-रेबीज टीकाकरण कराना आवश्यक है। फिलहाल बच्चे का उपचार जारी है। शहर में आवारा कुत्तों के बढ़ते हमलों को लेकर लोगों में दहशत और आक्रोश का माहौल है
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.