चतरा जिले के पिपरवार थाना क्षेत्र के चिरैयाटांड़ में गुरुवार शाम एक सड़क हादसे में चार किशोरों की मौत हो गई। अनियंत्रित स्कॉर्पियो ने एक मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी, जिससे यह हादसा हुआ। घटना के बाद स्कॉर्पियो को मौके पर छोड़ चालक फरार हो गया। पुलिस के अनुसार, एक ही मोटरसाइकिल पर सवार चार किशोर मैट्रिक की परीक्षा देकर घूमने निकले थे। चिरैयाटांड़ के पास तेज रफ्तार स्कार्पियो ने बाइक को सामने से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मोटरसाइकिल सवार तीन किशोरों की मौके पर ही मौत हो गई। सभी ज्ञानदीप विद्या निकेतन के छात्र थे
वहीं, चौथे किशोर ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। मृतकों की पहचान बाराडीह गांव निवासी मंजीत कुमार (14), विकास कुमार (15), प्रताप कुमार (15) और हफुआ निवासी सोनू कुमार (14) के रूप में हुई है। ये सभी ज्ञानदीप विद्या निकेतन के छात्र थे। परिजनों ने बताया कि चारों दोस्त शाम करीब 3 बजे घर से घूमने जाने की बात कहकर निकले थे। शाम ढलते-ढलते उनकी मौत की खबर घर पहुंची, जिससे पूरे गांव में मातम छा गया। चिरैयाटांड़-कल्याणपुर-चतरा मुख्य मार्ग को जाम कर दिया
हादसे के बाद घटनास्थल पर ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित लोगों ने चिरैयाटांड़-कल्याणपुर-चतरा मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। सूचना मिलने पर पिपरवार थाना प्रभारी अभय कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त स्कार्पियो और मोटरसाइकिल को जब्त कर लिया है। भारी तनाव को देखते हुए पुलिस बल घटनास्थल पर कैंप कर रही है और लोगों को समझाने का प्रयास किया जा रहा है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.