चतरा पुलिस और उत्पाद विभाग ने वशिष्ठ नगर जोरी थाना क्षेत्र के पोस्तिया गांव में एक अवैध मिनी शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में 5 लाख रुपए की नकली शराब बरामद की गई और तीन तस्करों को गिरफ्तार किया गया। उपायुक्त कीर्तिश्री के निर्देश पर एसडीओ के नेतृत्व में गठित टीम ने इस फैक्ट्री पर छापा मारा। यह फैक्ट्री एक घर के भीतर धड़ल्ले से चल रही थी। उत्पाद अधीक्षक ने मंगलवार को बताया कि यह शराब झारखंड से बिहार की सीमाओं को पार कर दुगने दामों पर बेची जा रही थी। बिहार एक ‘ड्राई स्टेट’ होने के कारण माफिया इस नकली शराब को असली बताकर बेचते थे और भारी मुनाफा कमाते थे। स्प्रिट और केमिकल का उपयोग कर नकली शराब तैयार की जा रही थी तस्कर अनिल कुमार यादव के घर में स्प्रिट और केमिकल का उपयोग कर नकली शराब तैयार की जा रही थी। छापेमारी के दौरान पुलिस ने विभिन्न ब्रांडों की कुल 1318 बोतलें बरामद कीं, जिन पर महंगे ब्रांड्स के नकली ढक्कन और स्टिकर लगे थे। मौके से सील करने वाली मशीन और कच्चा स्प्रिट भी जब्त किया गया। पुलिस ने अनिल कुमार यादव, बीरबल कुमार और ब्रजेश यादव को गिरफ्तार किया है। हालांकि, गिरोह के मास्टरमाइंड दिलीप यादव और मोहन यादव फरार होने में सफल रहे। उत्पाद अधीक्षक ने स्पष्ट किया है कि चतरा में अवैध शराब का कारोबार करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। इस कार्रवाई को नकली शराब माफियाओं के खिलाफ एक बड़ी सफलता माना जा रहा है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.