चारधामों के कपाट बंद होने के बाद शीतकाल में आस्था के आगे तीर्थयात्रियों का उत्साह कम नहीं हुआ है। बदरीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री, यमुनोत्री धाम के शीतकालीन प्रवास स्थानों पर अब तक 34 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने दर्शन किए।
पिछले वर्ष से शुरू हुई शीतकालीन यात्रा के बाद पहाड़ में तीर्थाटन में तस्वीर बदली है। शीतकाल में भी चारधामों के प्रवास स्थलों पर तीर्थयात्रियों की चहल-पहल रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने साल भर पहले उत्तराखंड आकर जिस शीतकालीन यात्रा का प्रमोशन किया था, वह अब तेजी से आगे बढ़ रही है। राज्य सरकार के प्रयासों से उत्तराखंड की शीतकालीन यात्रा एक नया अध्याय लिख रही है।
चारधामों से संबंधित ऊखीमठ, पांडुकेश्वर, जोशीमठ, मुखवा और खरसाली जैसे शीतकालीन प्रवास स्थलों में देश दुनिया से तीर्थयात्री पहुंच रहे हैं। इस बार चार धाम यात्रा के कपाट बंद होने के बाद से अब तक 34,140 श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। अभी ढाई महीने शीतकालीन यात्रा चलनी है। वर्ष 2024-25 में शीतकालीन यात्रा पर 73,381 तीर्थयात्री आए थे।