Bihar News: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की 10 हजार रुपये प्रोत्साहन योजना का असर अब बिहार के ग्रामीण इलाकों में साफ दिखने लगा है. छपरा के भिठी गांव में महिलाओं ने इस छोटी आर्थिक मदद से बड़ा बदलाव किया है. किसी ने दुकान बढ़ाई, तो किसी ने सिलाई-कढ़ाई शुरू कर नियमित आय का जरिया बना लिया. महादलित टोले की महिलाएं समूह बनाकर बांस के उत्पाद तैयार कर रही हैं. इससे न सिर्फ उनकी आय बढ़ी है, बल्कि आत्मनिर्भरता और आत्मसम्मान भी मजबूत हुआ है. ग्रामीण अर्थव्यवस्था में यह योजना सकारात्मक बदलाव का मजबूत उदाहरण बन रही है.
गांव की सरिता देवी और मिनता देवी की कहानी भी प्रेरणादायक है.
दरअसल भिठी गांव की रहिमा बेगम कुछ समय पहले तक आर्थिक तंगी से जूझ रही थीं. घर के पास एक छोटी गुमटीनुमा दुकान तो थी. लेकिन, पूंजी के अभाव में कारोबार ठीक से नहीं चल पा रहा था. योजना के तहत 10 हजार रुपये की सहायता मिलने के बाद उन्होंने दुकान में जरूरी सामान बढ़ाया. अब उनकी दुकान अच्छी तरह चल रही है और वे अपने परिवार का भरण-पोषण सम्मानपूर्वक कर रही हैं.
सिलाई-कढ़ाई का पहले का अनुभव आया काम
इसी गांव की सरिता देवी और मिनता देवी की कहानी भी प्रेरणादायक है. दोनों गृहिणियां हैं और घर से बाहर काम करना संभव नहीं था. सिलाई-कढ़ाई का पूर्व अनुभव होने के कारण उन्होंने योजना से मिली राशि से बिजली चलित सिलाई और कढ़ाई मशीन खरीदी. आज वे कपड़े सिलकर आमदनी कर रही हैं और गांव की अन्य महिलाओं व बेटियों को भी प्रशिक्षण दे रही हैं. दोनों महिलाओं ने बताया कि यदि आगे और आर्थिक सहयोग मिले तो वे अपने काम को और विस्तारित कर सकती हैं.
महिलाएं समूह बनाकर कर रही हैं काम
भिठी गांव के महादलित टोले में भी इस योजना का असर देखने को मिला. यहां कई महिलाएं समूह बनाकर बांस के सामान तैयार कर रही हैं. योजना से मिली सहायता राशि से उन्होंने काम की शुरुआत की और अब नियमित आय अर्जित कर रही हैं. समूह की मुखिया रानी देवी ने बताया कि पहले वे आर्थिक और पारिवारिक समस्याओं से जूझ रही थीं, लेकिन अब आत्मनिर्भर बनकर परिवार की जिम्मेदारी संभाल रही हैं.
10 हजार की राशि से हुई शुरुआत
ग्रामीणों का कहना है कि छोटी राशि से शुरू हुई यह पहल महिलाओं के लिए बड़ा सहारा साबित हो रही है. गांव में रहकर ही महिलाएं रोजगार सृजित कर रही हैं और आत्मसम्मान के साथ जीवन यापन कर रही हैं. 10 हजार की यह योजना ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने के साथ-साथ महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में एक प्रभावी कदम बनती नजर आ रही है.
About the Author

A Multimedia Journalist having experience of more than 14 years in mainstream media Industry. Currently Working with Network 18 Media & Investment Limited for News18 Hindi Website as a Chief Sub Editor. He …और पढ़ें
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.