चंडीगढ़ के सेक्टर-25 और सेक्टर-38 के पास शाहपुर लाइट पॉइंट के पास तेज रफ्तार थार गाड़ी की टक्कर से एक युवक की मौत हो गई, जबकि बाइक पर सवार दूसरा युवक घायल हो गया। हादसे के बाद आसपास के लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और दोनों घायलों को इलाज के लिए सेक्टर-16 अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में उपचार के दौरान बाइक चला रहे युवक हरभजन सिंह की मौत हो गई। मृतक के भाई कुशलेश सिंह के अनुसार हरभजन सिंह स्विगी में पार्ट टाइम काम करता था और इसके अलावा एसी रिपेयर का भी काम करता था। वह मोहाली जिले के नया गांव में किराए पर रहता था और मूल रूप से उत्तर प्रदेश के रायबरेली का रहने वाला था। कुशलेश ने बताया कि हरभजन को रात को एक डिलीवरी ऑर्डर मिला था। वह सेक्टर-25 से ऑर्डर लेने के बाद डिलीवरी देने जा रहा था, तभी तेज रफ्तार काले रंग की थार गाड़ी ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। एसएचओ से बहस, बाहर जाने के लिए कहा
मृतक के भाई ने आरोप लगाया कि पुलिस आरोपियों को बचाने में लगी हुई है। उनका कहना है कि हादसे के बाद रात भर पुलिस कार्रवाई का इंतजार किया गया, लेकिन पुलिस ने अगले दिन शाम को जाकर कार्रवाई शुरू की। आरोप लगाया कि हादसे वाली थार गाड़ी के अंदर शराब की बोतलें मिली थीं, जिससे शक है कि चालक ने शराब पी रखी थी। कुशलेश ने कहा कि एक तो उनके भाई की मौत हो गई और उल्टा थाने के मुलाजिम उनके साथ ही बदतमीजी से बात कर रहे हैं। इतना ही नहीं, उन्हें थाने से बाहर जाने के लिए कहा गया, जबकि जिस थार चालक ने उसके भाई को टक्कर मारी, उसे आराम से अंदर बैठा रखा गया था। पुलिस के अनुसार थार गाड़ी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपी चालक की पहचान राजवीर सिंह के रूप में हुई है, जो शाहपुर की ओर से आ रहा था। बताया जा रहा है कि वह चंडीगढ़ में बीए फाइनल ईयर का छात्र है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.