चंडीगढ़ सेक्टर-35 की मार्केट में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब चलती कार में अचानक आग लग गई। कार में सवार पंजाब के रिटायर्ड पीसीएस अधिकारी बलविंदर सिंह और उनके दोस्त बाल-बाल बच गए। गनीमत रही कि समय रहते एक राहगीर ने उन्हें इशारा कर आग लगने की जानकारी दे दी, जिससे सभी लोग तुरंत गाड़ी से बाहर निकल आए। जानकारी के अनुसार, घटना सेक्टर-35 मार्केट की है। बलविंदर सिंह अपने दोस्तों के साथ सेक्टर-21 से सेक्टर-35 स्थित एक कॉफी शॉप की ओर जा रहे थे। जैसे ही उनकी कार मार्केट में पहुंची, सामने से आ रहे एक व्यक्ति ने जोर-जोर से इशारा करते हुए गाड़ी रोकने को कहा। पहले तो उन्हें समझ नहीं आया, लेकिन जब उन्होंने शीशा नीचे कर पूछा तो उस व्यक्ति ने बताया कि कार के बोनट से धुआं निकल रहा है। यह सुनते ही बलविंदर सिंह ने तुरंत गाड़ी रोकी और दोस्तों के साथ बाहर निकल आए। कुछ ही पलों में धधक उठी पूरी कार गाड़ी से बाहर निकलते ही आग ने तेजी पकड़ ली और कुछ ही देर में पूरी कार धू-धू कर जलने लगी। आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। वहीं, एरिया पुलिस भी तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और सुरक्षा के मद्देनजर पूरे इलाके को घेर लिया ताकि किसी प्रकार का जान-माल का नुकसान न हो। भगवान ने भेजा था फरिश्ता बलविंदर सिंह ने बताया कि यदि वह व्यक्ति उन्हें समय पर आग के बारे में न बताता तो बड़ा हादसा हो सकता था। उन्होंने कहा कि ऐसा लगा जैसे भगवान ने ही किसी को उनकी जान बचाने के लिए भेज दिया हो। उन्होंने बताया कि कार वर्ष 2011 मॉडल की थी और प्राथमिक रूप से शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, आग लगने के सही कारणों की जांच की जा रही है। समय रहते सभी लोग सुरक्षित बाहर निकल आए, जिससे बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद मार्केट में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा, लेकिन आग पर काबू पाने के बाद स्थिति सामान्य हो गई।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.