चंडीगढ़ में मेयर चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी द्वारा दो पार्षदों को पार्टी में शामिल करवाकर खेली गई सियासी गुगली ने आप-कांग्रेस गठबंधन को असमंजस में डाल दिया है। हालात ऐसे बन गए हैं कि आम आदमी पार्टी के पार्षदों को शक की नजर से देखा जा रहा है। अब
अगर एक भी पार्षद भाजपा का दामन थामता है तो चंडीगढ़ की राजनीति में आप और कांग्रेस को चुनाव से पहले बड़ा झटका लगेगा। ऐसी स्थिति में भाजपा का मेयर बनना तय माना जा रहा है, वहीं गठबंधन के हाथ से सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर के पद भी निकल सकते हैं।
कांग्रेस ‘वेट एंड वॉच’ मोड में, आप पार्षदों को साधने में जुटी
मौजूदा हालात में कांग्रेस के पास वेट एंड वॉच की रणनीति के अलावा कोई ठोस विकल्प नजर नहीं आ रहा। दूसरी ओर आम आदमी पार्टी अपने बचे हुए पार्षदों से लगातार संपर्क साध रही है और उन्हें टूटने से रोकने के हर संभव प्रयास कर रही है। सियासी गलियारों में चर्चा है कि आप के तीन पार्षद भाजपा के संपर्क में हैं और इनमें से कोई भी कभी भी पाला बदल सकता है।
जरनैल सिंह के ट्वीट से सियासी पारा हाई
आप के चंडीगढ़ प्रभारी जरनैल सिंह के ट्वीट के बाद सियासी चर्चा पूरी तरह गर्मा गई है। एक दिन पहले कांग्रेस द्वारा बैठक कर आप को समर्थन देने के संकेत दिए गए थे, लेकिन इसके तुरंत बाद कांग्रेस पर ‘राष्ट्रीय अध्यक्ष के जरिए’ किया गया हमला कांग्रेस के शीर्ष नेताओं को भी खटक गया। इसे लेकर कई सियासी मायने निकाले जा रहे हैं—
- गठबंधन के बावजूद हार का असर मोहाली नगर निगम और आगे चलकर पंजाब विधानसभा चुनाव पर पड़ सकता है।
- इस लिए क्या आम आदमी पार्टी ने परोक्ष रूप से भाजपा के सामने सरेंडर कर दिया है?
- शायद आप को पहले से आशंका है कि उसके कुछ पार्षद पाला बदल सकते हैं?
- अंतिम वर्ष में केंद्र से सहयोग न मिलने से विकास कार्य प्रभावित होंगे, जिसका नुकसान अगले चुनाव में होगा।

भाजपा की रणनीति: गठबंधन के जरिए पंजाब में घेराबंदी
मेयर पद का सियासी खेल फिलहाल भाजपा के पक्ष में जाता दिख रहा है। जानकारों का कहना है कि अगर भाजपा आप के किसी भी पार्षद को मेयर, सीनियर डिप्टी मेयर या डिप्टी मेयर पद का ऑफर देती है तो समीकरण बदल सकता है। भाजपा नेतृत्व चंडीगढ़ के साथ-साथ आने वाले मोहाली नगर निगम चुनाव और पंजाब विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए रणनीति तैयार कर रहा है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष का बयान
भाजपा के चंडीगढ़ प्रदेश अध्यक्ष जतिंदर पाल मल्होत्रा का कहना है,“चुनाव में अभी समय है। हम फिलहाल संगठन पर काम कर रहे हैं। चंडीगढ़ के सियासी हालात पर हमारी नजर है और हमें भरोसा है कि जनता हमें सेवा का मौका जरूर देगी।”

गठबंधन की चर्चाओं के बीच बिगड़े बोल
29 जनवरी को होने वाले मेयर चुनाव से पहले गठबंधन की चर्चाओं के बीच आप और कांग्रेस नेताओं के बयान तीखे हो गए हैं। जरनैल सिंह के ट्वीट के जवाब में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष एचएस लक्की ने भी पलटवार किया है।

AAP नेता जरनैल सिंह का ट्वीट:“एक तरफ कट्टर विरोधी, दूसरी तरफ सत्ता में पार्टनरशिप।चंडीगढ़ में BJP का मेयर और कांग्रेस का सीनियर डिप्टी मेयर व डिप्टी मेयर होना बीजेपी-कांग्रेस गठबंधन का मजबूत प्रमाण है।तुम्हारी नूरा कुश्ती अब देश समझ चुका है।”

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष एचएस लक्की का जवाब:“जब 2024 में मेयर आप का और सीनियर डिप्टी मेयर व डिप्टी मेयर भाजपा के बने थे, तब कौन-सी कुश्ती खेल रहे थे आप?”
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.