चंडीगढ़ के मनीमाजरा इलाके में आईटी पार्क की एक कंपनी में काम करने वाला युवक अपने किराये के कमरे में मृत मिला। युवक के गले में तार लिपटा हुआ था, जिससे उसकी मौत को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान मोनू के रूप में हुई है, जो मूल रूप से उत्तर प्रदेश का रहने वाला था। वह मनीमाजरा की न्यू इंदिरा कॉलोनी में किराये के कमरे में रहता था और आईटी पार्क स्थित एक कंपनी में काम करता था। कमरा बंद कर लगाया फंदा मकान मालिक राकेश कुमार के अनुसार शुक्रवार को मोनू ड्यूटी पर नहीं पहुंचा और उसका मोबाइल फोन भी बंद आ रहा था। इस पर उसके ऑफिस के दो कर्मचारी उसे देखने के लिए कमरे पर पहुंचे। उन्होंने काफी देर तक दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद कर्मचारियों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़कर अंदर गई। कमरे के अंदर मोनू दीवार के सहारे बैठा हुआ था और उसके गले में तार लिपटा हुआ था। पुलिस उसे तुरंत अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। रिपोर्ट के बाद पता चलेगा कारण का पुलिस का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल पाएगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। मृतक के परिजनों को भी घटना की सूचना दे दी गई है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.