चंडीगढ़ में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) ने अंतरराज्यीय नशा तस्कर गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 3 किलोग्राम हेरोइन बरामद हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरोह पाकिस्तान से हेरोइन मंगवाकर ट्राईसिटी के अलावा पंजाब, हरियाणा और अन्य राज्यों में इसकी सप्लाई करता था। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हरियाणा के अंबाला निवासी आफताब और नितिन कुमार, पंजाब के लुधियाना निवासी साहिल, अजय उर्फ संजू और अमृतसर निवासी सतपाल सिंह के रूप में हुई है। सभी आरोपियों को स्थानीय अदालत में पेश किया गया, जहां से पुलिस ने उनका रिमांड हासिल किया है। फिलहाल आरोपियों से पूछताछ जारी है। रिमांड पर हो रही पूछताछ सूत्रों के मुताबिक एएनटीएफ को गुप्त सूचना मिली थी कि दो तस्कर चंडीगढ़ में हेरोइन की खेप पहुंचाने वाले हैं। सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आफताब और नितिन कुमार को काबू कर लिया। उनके पास से हेरोइन बरामद होने के बाद एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर दोनों को रिमांड पर लिया गया। पूछताछ के दौरान मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने गिरोह से जुड़े तीन अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया। अब तक की जांच में पांचों आरोपियों से लगभग तीन किलोग्राम हेरोइन बरामद की जा चुकी है। पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और सप्लाई चेन के बारे में भी जांच कर रही है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.