चंडीगढ़ में युवती के साथ शर्मनाक मामला सामने आसा है। इनड्राइव एप के जरिए कैब बुक करने वाली एक युवती को कैब चालक ने अश्लील मैसेज भेजे और फ्री राइड के बदले शारीरिक संबंध की मांग की। हैरानी की बात यह है कि पीड़िता द्वारा लिखित शिकायत देने के बावजूद तीन दिन तक FIR दर्ज नहीं की गई। बाद में सेक्टर-26 थाना पुलिस ने आरोपी कैब चालक और पीड़िता को थाने बुलाकर आपसी समझौता करवा दिया। पीड़िता ने बताया कि 27 जनवरी की रात वह सेक्टर-26 स्थित अपने कार्यस्थल से घर लौट रही थी। रात करीब 12 बजे उसने सिंधी स्वीट्स के पास से इनड्राइव ऐप के जरिए कैब बुक की। कैब को राम नाम के चालक ने एक्सेप्ट किया। ऐप पर उसकी फोटो और कार नंबर भी मौजूद था। आरोपी की कार स्विफ्ट डिजायर थी। कैब बुक होने के बाद आरोपी ने मैसेज कर पूछा कि वह अकेली है या नहीं। इसके बाद उसने लगातार निजी और आपत्तिजनक संदेश भेजने शुरू कर दिए। पहले बॉयफ्रेंड को लेकर सवाल किए, फिर फ्री राइड के बदले शारीरिक संबंध बनाने की पेशकश कर दी। आरोपी ने यह भी कहा कि “जितने पैसे बोलोगी, उतनी पेमेंट करूंगा।” विरोध करने पर दी धमकी पीड़िता के अनुसार, जब उसने वाट्सऐप चैट पर इसका विरोध किया तो आरोपी ने पहले माफी मांगी और फिर धमकाने लगा। उसने कहा कि वह अभी मिलने आ सकता है और जरूरत पड़ी तो पुलिस थाने भी पहुंच जाएगा। पीड़िता ने शिकायत की बात कही तो आरोपी थाने का नाम और लोकेशन मांगने लगा। बारिश और देर रात होने के कारण पीड़िता काफी डर गई थी। सबूत देने के बावजूद FIR नहीं घटना के अगले दिन 28 जनवरी को पीड़िता ने सेक्टर-26 थाने में लिखित शिकायत दी। उसने इनड्राइव एप पर उपलब्ध चालक की पूरी जानकारी, अश्लील मैसेज के स्क्रीनशॉट और अन्य साक्ष्य पुलिस को सौंपे। इसके बावजूद FIR दर्ज नहीं की गई। पीड़िता तीन दिन तक पुलिस कार्रवाई का इंतजार करती रही। पीड़िता का आरोप है कि शुक्रवार को उसे सेक्टर-26 थाने बुलाया गया, जहां वह काफी देर तक बाहर खड़ी रही। बाद में चंडीगढ़ ट्राइसिटी ड्राइवर यूनियन के सदस्य उसके साथ थाने पहुंचे। पुलिस ने आरोपी कैब चालक को पीड़िता के सामने पेश किया। आरोपी अपने परिवार के साथ थाने पहुंचा और पुलिस की मौजूदगी में पूरी घटना स्वीकार करते हुए पीड़िता से माफी मांगी। इस माफी का वीडियो भी बनाया गया। इसके बाद दोनों पक्षों में समझौता करवा दिया गया। दूसरी कैब में बैठने से भी डरी रही पीड़िता घटना के बाद पीड़िता जब दूसरी कैब में बैठी तो वह काफी घबराई हुई थी। संयोग से वह कैब चंडीगढ़ ट्राइसिटी ड्राइवर यूनियन के एक सदस्य की निकली। चालक ने उसे भरोसा दिलाया और बताया कि यूनियन पहले भी ऐसे मामलों में पीड़ितों की मदद कर चुकी है। इसके बाद पीड़िता ने पूरी घटना यूनियन को बताई। आरोपी पर सख्त कार्रवाई चंडीगढ़ ट्राइसिटी ड्राइवर यूनियन के प्रधान अमनदीप सिंह ने कहा कि आरोपी कैब चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। पीड़िता ने साहस दिखाकर शिकायत की है, इसके लिए उसे सम्मान मिलना चाहिए। कई महिलाएं सामाजिक दबाव के कारण चुप रह जाती हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में समझौता नहीं, बल्कि कानूनी कार्रवाई जरूरी है। एक कैब यूनियन के पूर्व पदाधिकारी सुमित छाबड़ा ने कहा कि इस तरह के चालकों की वजह से पूरा कैब समुदाय बदनाम होता है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.