चंडीगढ़ सेक्टर-16 स्थित गवर्नमेंट हाउसेस के मकान नंबर 665 में रहने वाले एक मूक-बधिर दंपती ने अपनी समस्याओं को लेकर वीडियो जारी कर प्रशासन से मदद की गुहार लगाई है। वार्ड नंबर 12 के अंतर्गत आने वाले इस क्षेत्र में रहने वाला यह दंपती मेंटेनेंस विभाग की कथित लापरवाही से परेशान है। मामले को गंभीर मानते हुए चंडीगढ़ के मेयर सौरभ जोशी ने यह शिकायत एडीसी और सचिव के जरिए राज्यपाल भवन को भेज दी है। मेयर ने आश्वासन दिया है कि दंपती की समस्या का मानवीय आधार पर जल्द समाधान करवाने का प्रयास किया जाएगा। यह मामला अब शहर में चर्चा का विषय बन गया है। लोग प्रशासन से उम्मीद कर रहे हैं कि मूक-बधिर दंपती की समस्या जल्द हल की जाएगी। सांकेतिक भाषा जानने वाला व्यक्ति साथ लाए मांग की गई है कि गवर्नमेंट हाउसेस मेंटेनेंस विभाग (चंडीगढ़ प्रशासन) के अधिकारी मौके पर पहुंचकर दंपती की समस्या समझें। उनके साथ सांकेतिक भाषा जानने वाला व्यक्ति भी हो, ताकि उनकी बात ठीक से समझी जा सके और जल्द समाधान किया जा सके। दंपती के बोलने और सुनने में असमर्थ होने के कारण वे अपनी शिकायत सीधे अधिकारियों तक नहीं पहुंचा पा रहे थे। ऐसे में उन्होंने अपनी समस्याओं को समझाने के लिए वीडियो रिकॉर्ड कर संबंधित विभाग तक पहुंचाने की कोशिश की। पहले भी भेजी जा चुकी है शिकायत जानकारी के अनुसार, यह शिकायत पिछले वर्ष भी मुख्य अभियंता को अग्रेषित की गई थी, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हो पाया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि विशेष रूप से दिव्यांग नागरिकों से जुड़े मामलों में प्रशासन को संवेदनशील और तत्पर रुख अपनाना चाहिए।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.