IDFC First Bank Scam: आईडीएफसी फर्स्ट बैंक घोटाला मामले में ईडी की टीम लगातार आरोपियों की धर-पकड़ कर रही है. इसी बीच टीम के हाथ दो और आरोपी लगे हैं. इन दोनों आरोपियों की मुख्य आरोपियों के साथ धोखाधड़ी को अंजाम देने में सक्रिय भूमिका सामने आई है.
आईडीएफसी फर्स्ट बैंक मामले में ED की कार्रवाई
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान रणधीर सिंह, कंट्रोलर फाइनेंस एंड अकाउंट्स, हरियाणा स्कूल शिक्षा परियोजना परिषद और राजेश सांगवान, कंट्रोलर फाइनेंस एंड अकाउंट्स, हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड (HSAMB) के रूप में हुई है. इन दोनों आरोपियों की मुख्य आरोपियों के साथ धोखाधड़ी को अंजाम देने में सक्रिय भूमिका सामने आई है.
चार दिन की पुलिस रिमांड में आरोपी
गिरफ्तारी के बाद राजन कटोदिया सहित चार आरोपियों को आज माननीय अदालत में पेश किया गया, जहां से अदालत ने तीन आरोपियों को चार दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है, ताकि मामले में गहन पूछताछ की जा सके और घोटाले से जुड़े अन्य पहलुओं का खुलासा किया जा सके. वहीं इस मामले में गिरफ्तार आरोपी अंकुर शर्मा को आज न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. जांच एजेंसी ने कहा कि अभी मामले की जांच जारी है.
फर्जीवाड़े के खिलाफ ईडी का एक्शन
बता दें कि केंद्रीय जांच एजेंसी ईडी यानी प्रवर्तन निदेशालय (ED) के चंडीगढ़ जोन ने IDFC फर्स्ट बैंक, चंडीगढ़ शाखा में हुए बड़े फर्जीवाड़े के मामले में व्यापक कार्रवाई शुरू की थी. इस मामले में लगभग 590 करोड़ रुपये के गबन की जांच के तहत ईडी की टीम 19 ठिकानों पर तलाशी अभियान चला रही थी, ताकि मनी ट्रेल और अपराध से अर्जित संपत्ति (Proceeds of Crime) का पता लगाया जा सके. जांच में अब लगातार आरोपियों की गिरफ्तारी हो रही है और एजेंसी अपनी कार्रवाई को आगे बढ़ा रही है.
About the Author

आर्यन ने नई दिल्ली के जामिया मिलिया इस्लामिया से पत्रकारिता की पढ़ाई की और एबीपी में काम किया. उसके बाद नेटवर्क 18 के Local 18 से जुड़ गए.
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.