जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को साढ़े दस बजे विधानसभा की कार्यवाही शुरू हो गई है. और स्पीकर ने अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा के लिए सकेंड सिटिंग का समय निर्धारित किया. स्पीकर हरविंदर कल्याण ने सदन में यह जानकारी दी है. अविश्वास प्रस्ताव को लेकर सदन में बहस के दौरान सीएम नायब सिंह सैनी ने कहा कि अविश्वास प्रस्ताव के नोटिस पर भूपेंद्र सिंह हुड्डा साहब के हस्ताक्षर नहीं और प्रस्ताव परंपरा के अनुरूप नहीं है. सीएम ने कहा कि 1 साल बाद कांग्रेस को नेता विपक्ष मिला और कांग्रेस को हुड्डा साहब पर यकीन नहीं है. इस पर हुड्डा ने कहा कि अविश्वास प्रस्ताव के लिए 18 विधायकों के हस्ताक्षर होने चाहिए.
हरियाणा विधानसभा में भाजपा, कांग्रेस और इनेलो के पास कितने विधायक
हरियाणा में विधानसभा की 90 सीटें हैं. 2024 में हुए विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 48 सीटें जीती थी. वहीं, कांग्रेस के हिस्से में 37 सीटें गई थी. वहीं, दो सीटों पर इनेलो को जीत मिली है. अहम बात है कि तीन निर्दलीय भी जीतकर विधानसभा पहुंचे थे और इनका भी भाजपा सरकार को समर्थन है. ऐसे में भाजपा के पास कुल 51 विधायकों का समर्थन है और सरकार को कोई खतरा नहीं है.
पहले भी गिर चुके हैं अविश्वास प्रस्ताव
गौरतलब है कि काग्रेस पार्टी बीते चार साल में हरियाणा विधानसभा में दो बार अविश्वास प्रस्ताव ला चुकी है और दोनों ही बार उसे निराशा मिली थी. इसी तरह, 10 मार्च 2021 को भी कांग्रेस पार्टी ने उस समय की खट्टर सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाया था. लेकिन वह अविश्वास प्रस्ताव विधानसभा में गिर गया था और भाजपा के समर्थन में 55 और विरोध में 32 मत पड़े थे. इसके बाद 22 फरवरी 2024 को विधानसभा सत्र के दौरान कांग्रेस फिर से अविश्वास प्रस्ताव लाई. लेकिन यहां पर भी प्रस्ताव टिक नहीं पाया.
सीएम बदलने पर भाजपा ने साबित की थी मजौरिटी
हरियाणा में विधानसभा चुनाव से ठीक छह महीने पहले काफी सियासी उठापटक देखने को मिली थी. भाजपा ने जहां सीएम का चेहरा बदल दिया था. वहीं, जेजेपी से भी नाता तोड़ दिया था और इस वजह से सरकार पर अल्पमत में आने के आरोप लगे थे. हालांकि, बाद में विधानसभा में सरकार ने बहुमत साबित किया था. बीते 2019 विधानसभा चुनाव में भाजपा 40 सीटें जीती थी और फिर उसने जेजेपी के साथ मिलकर सरकार बनाई थी. जेजेपी के पास 10 विधायक थे. जबकि कांग्रेस के पास 28 विधायक थे.
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.