चंडीगढ़ के इंडस्ट्रियल एरिया थाना पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान एक कार से 1 किलो 214 ग्राम सोना और 1 करोड़ 42 लाख रुपए नकद बरामद किए हैं। यह कार्रवाई कॉलोनी नंबर-4 लाइट पॉइंट के पास लगाए गए नाके पर इंडस्ट्रियल एरिया थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सतनाम सिंह की अगुआई में की गई है। पुलिस के मुताबिक, नियमित चेकिंग के दौरान एक होंडा अमेज कार को रोका गया। जब पुलिस टीम ने कार की तलाशी ली तो कार के अंदर से भारी मात्रा में सोना और नकदी बरामद हुई। कार ड्राइवर की पहचान जगमोहन जैन निवासी अंबाला, हरियाणा के रूप में हुई है। दस्तावेज नहीं दिखा सका ड्राइवर पुलिस ने बताया कि शुरुआती पूछताछ के दौरान कार ड्राइवर सोना और नकदी से जुड़े कोई भी वैध दस्तावेज मौके पर पेश नहीं कर सका। बरामद सोने पर 9999 फाइन गोल्ड, 100 ग्राम, 50 ग्राम और 1 औंस के गोल्ड बार होने की मार्किंग पाई गई है। इसके साथ ही 1 करोड़ 42 लाख की नकदी भी बरामद हुई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत संबंधित जांच एजेंसियों को सूचना दे दी है। अब यह जांच की जा रही है कि सोना और नकदी कहां से लाई गई थी और कहां ले जाई जा रही थी। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि इसका संबंध हवाला कारोबार, टैक्स चोरी या किसी अन्य अवैध वित्तीय लेनदेन से तो नहीं है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.