चंडीगढ़ में एक बार फिर शहर के कारोबारी गैंगस्टरों के निशाने पर आ गए हैं। सेक्टर-36डी निवासी एक कारोबारी को गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर 20 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। विदेशी नंबरों से व्हाट्सऐप कॉल कर कारोबारी को पैसे नहीं देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई। शिकायत मिलने के बाद सेक्टर-36 थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। खुद को बताया हैरि बाक्सर पुलिस को दी शिकायत में कारोबारी लोहित बंसल ने बताया कि 1 जनवरी से 14 फरवरी के बीच उन्हें कई बार व्हाट्सऐप कॉल आईं। ये कॉल विदेशी नंबरों से की गई थीं। कॉल करने वाले ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य हैरि बाक्सर बताते हुए उनसे 20 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी। साथ ही पैसे नहीं देने पर जान से मारने और गंभीर अंजाम भुगतने की धमकी भी दी। लगातार मिल रही धमकियों से परेशान होकर कारोबारी ने इसकी शिकायत सेक्टर-36 थाना पुलिस को दी। पुलिस ने शिकायत और कॉल डिटेल के आधार पर हैरि बाक्सर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस विदेशी नंबरों की कॉल डिटेल और अन्य तकनीकी पहलुओं की जांच कर रही है। पहले डोनी बल के नाम पर धमकी इससे पहले भी शहर में गैंगस्टरों द्वारा कारोबारियों को धमकाने के मामले सामने आ चुके हैं। कुछ दिन पहले बंबीहा गैंग से जुड़े विदेश में बैठे सहयोगी डोनी बल ने सेक्टर-21 स्थित बिल्डर अंकित सिदाना के घर पर फायरिंग करवाई थी। इसके बाद उससे 5 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई थी। हालांकि उस मामले में अभी तक पुलिस को कोई खास सफलता नहीं मिल पाई है। लगातार सामने आ रहे ऐसे मामलों के बाद शहर के व्यापारियों में चिंता का माहौल है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.