चंडीगढ़ के धनास इलाके में घर के बाहर खड़ी एक्टिवा चोरी होने का मामला सामने आया है। हैरानी की बात यह है कि चोरी की पूरी वारदात वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो चुकी है और शिकायतकर्ता ने एक आरोपी की पहचान कर उसका घर तक पुलिस को दिखा दिया, इसके बावजूद 6 दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस किसी आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर पाई है। जानकारी के अनुसार धनास निवासी चंद्रभान की एक्टिवा उसके घर के बाहर से चोरी हो गई। चोरी की घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई, जिसमें दो युवक साफ दिखाई दे रहे हैं जो एक्टिवा लेकर जाते नजर आ रहे हैं। सीसीटीवी मे पहचान कर घर दिखाया चंद्रभान ने बताया कि उसने इस मामले में पहले ऑनलाइन एफआईआर दर्ज करवाई। इसके बाद मामले की जांच सांरगपुर थाना पुलिस के एएसआई नसीब सिंह को सौंप दी गई। शिकायतकर्ता के मुताबिक उसने सीसीटीवी फुटेज देखकर दो चोरों में से एक की पहचान कर ली और उसका घर तक ढूंढ कर पुलिस को दिखा दिया। उसने बताया कि जो युवक एक्टिवा लेकर गया था, उसके साथ एक अन्य युवक भी था जिसने टोपी पहन रखी थी। शिकायतकर्ता के अनुसार वह युवक स्मॉल फ्लैट्स धनास में रहता है और वह भी सीसीटीवी में दिखाई दे रहा है। चंद्रभान का आरोप है कि पहचान होने के बावजूद पुलिस अब तक किसी आरोपी तक नहीं पहुंची है। उसका कहना है कि 6 दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस न तो मुख्य आरोपी को पकड़ पाई है और न ही उसके साथी को गिरफ्तार किया गया है। इससे आरोपियों को फरार होने का मौका मिल रहा है। ड्यूटी और बच्चों को छोड़ने में आ रही दिक्कत शिकायतकर्ता चंद्रभान ने बताया कि वह प्राइवेट काम करता है और कई सालों की बचत से उसने एक्टिवा खरीदी थी। अब एक्टिवा चोरी होने के कारण उसे रोजमर्रा के कामों में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उसने बताया कि उसे रोज ड्यूटी पर जाना होता है और बच्चों को भी छोड़ना पड़ता है। वाहन नहीं होने से उसे काफी दिक्कतें झेलनी पड़ रही हैं। चंद्रभान का कहना है कि वह बार-बार थाना जाकर अपने मामले की जानकारी लेता है, लेकिन हर बार पुलिस की ओर से यही जवाब दिया जाता है कि मामले की जांच की जा रही है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.