छत पर बस या कोई जादू?
सिहुंता तहसील के ककरोटी निवासी श्रीधर, हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) में 2016 से चालक के पद पर तैनात हैं. उन्होंने लकड़ी और टीन की मदद से अपने घर की छत पर बस का एक ऐसा मॉडल तैयार करवाया है कि दूर से देखने पर लगता है मानो सचमुच की बस खड़ी की हो. इसे केवल बाहर से ही नहीं, बल्कि अंदर से भी बिल्कुल असली बस जैसा लुक दिया गया है.
इंटीरियर देख रह जाएंगे दंग
इस ‘छत वाली बस’ में आपको वे सभी चीजें मिलेंगी जो एक असली बस में होती हैं. HRTC का आधिकारिक हरा और सफेद रंग. बारीकियां भी एक दम हूबहू है असली जैसा दिखने वाला स्टीयरिंग, बस की सीटें, शीशे और पहिए सब कुछ, वहीं बस पर बाकायदा ‘धर्मशाला-भरमौर’ रूट लिखा गया है, क्योंकि श्रीधर असलियत में इसी रूट पर ड्यूटी करते हैं.
यहीं खाना, यहीं सोना… यहीं मिलता है सुकून
श्रीधर के लिए यह बस महज एक ढांचा नहीं, बल्कि उनकी पहचान और आत्मसम्मान का प्रतीक है. वे कहते हैं, ‘जब भी मैं ड्यूटी से घर आता हूं, मेरा ज्यादातर समय इसी बस में बीतता है. यहीं बैठकर मैं खाना खाता हूं और यहीं मुझे सबसे ज्यादा सुकून मिलता है. यह मुझे मेरी जिम्मेदारी का अहसास कराती रहती है.’
बन गया है टूरिस्ट स्पॉट
श्रीधर की इस रचनात्मकता ने उनके घर को इलाके का सबसे बड़ा आकर्षण केंद्र बना दिया है. सोशल मीडिया पर तस्वीरें वायरल होने के बाद अब दूर-दराज से लोग इस अनोखी बस के साथ सेल्फी लेने और श्रीधर के जज्बे को देखने पहुंच रहे हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि उन्होंने आज तक अपने काम के प्रति ऐसा समर्पण नहीं देखा.
एक मैकेनिक की मदद से अपनी सोच को हकीकत में बदलने वाले श्रीधर आज उन लाखों लोगों के लिए प्रेरणा बन गए हैं, जो अपनी नौकरी में नीरसता महसूस करते हैं. श्रीधर ने साबित कर दिया कि अगर दिल में जुनून हो, तो आप अपनी कर्मभूमि को ही अपना स्वर्ग बना सकते हैं.
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.