शाहपुर (कांगड़ा)। राजकीय उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय शाहपुर अब शिक्षा के नए युग में प्रवेश करने जा रहा है। बुधवार को विद्यालय के वार्षिकोत्सव में बतौर मुख्यातिथि पहुंचे स्थानीय विधायक केवल सिंह पठानिया ने घोषणा की कि अगले शैक्षणिक सत्र से यहां सीबीएसई पाठ्यक्रम के तहत पढ़ाई शुरू होगी। उन्होंने कहा कि विधानसभा क्षेत्र के छह स्कूलों को इस पाठ्यक्रम के दायरे में लाया जा रहा है।
विधायक ने क्षेत्र के बलिदानी के प्रति सम्मान प्रकट करते हुए कहा कि ऑपरेशन सिंदूर में बलिदान हुए पवन कुमार की स्मृति में एक भव्य स्मारक की स्थापना की जाएगी। इस भावुक क्षण पर बलिदानी के पिता गरज सिंह को मंच पर विशेष रूप से सम्मानित किया गया। इसके साथ ही सीडीएस परीक्षा में देशभर में टॉप करने वाले रजत कुमार और उच्च पदों पर आसीन स्कूल के पुराने छात्रों को स्मृति चिह्न भेंट किए।
विधायक पठानिया ने शाहपुर सेंटर के 121 विद्यार्थियों को स्कूल बैग भेंट किए। उन्होंने बताया कि अब तक वे क्षेत्र के 2000 नन्हे बच्चों को बैग वितरित कर चुके हैं। कार्यक्रम के दौरान प्रधानाचार्य बलवीत दियोलिया ने वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की और स्कूल की उपलब्धियों की जानकारी दी। साथ ही शाहपुर क्लस्टर के विद्यार्थियों ने मनमोहक नृत्य और ज्ञान दीप योजना पर आधारित एक प्रभावशाली लघु नाटिका पेश की।
कार्यक्रम के अंत में मुख्यातिथि ने शैक्षणिक और खेलकूद गतिविधियों में अव्वल रहे मेधावियों को पुरस्कृत किया गया। इस अवसर पर मुख्याध्यापक राकेश कटोच, एसएमसी प्रधान स्वरूप जंवाल, बीईईओ मिंटो देवी सहित कई गणमान्य नागरिक और अभिभावक उपस्थित रहे।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.