गुरुग्राम में हादसे के बाद NH-48 के डिवाइडर पर चढ़ी कार।
गुरुग्राम में NH-48 पर सिग्नेचर टावर के ठीक सामने एक तेज रफ्तार Hyundai i20 कार अनियंत्रित होकर हाईवे के डिवाइडर पर चढ़ गई। कार इतनी जोर से टकराई कि उसके चारों टायर हवा में लटक गए और वाहन डिवाइडर पर ही अटक गया। घटना देर रात करीब 11 बजे की है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक सफेद रंग की यह i20 कार दिल्ली की तरफ से आ रही थी और ड्राइवर शराब के नशे में पूरी तरह धुत था। वहां से गुजर रहे वाहनों को ओवरटेक करते हुए तेज रफ्तार में दौड़ा रहा था। अचानक उसने नियंत्रण खो दिया और कार सीधे डिवाइडर पर चढ़ गई।
गुरुग्राम में एनएच 48 पर हादसे के बाद मौके पर मौजूद राहगीर।
हादसे का वीडियो वायरल
हादसे का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है जिसमें कार डिवाइडर पर चारों पहिए हवा में लटकते दिख रही है। लोगों ने इसे नशे की रफ्तार का खतरनाक उदाहरण बताया।
क्रेन की मदद से कार हटाई
टक्कर इतनी जोरदार थी कि डिवाइडर का कंक्रीट का हिस्सा भी टूट गया और कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक कार ड्राइवर से मौके से जा चुका था। पुलिस ने क्रेन की मदद से करीब 40 मिनट की मशक्कत के बाद कार को डिवाइडर से नीचे उतारा गया। इस दौरान हाईवे पर ट्रैफिक स्लो हो गया।
नशे में वाहन चलाना खतरनाक
ट्रैफिक पुलिस अधिकारियों के मुताबिक रात के समय NH-48 पर नशे में तेज रफ्तार वाहन चलाना जानलेवा साबित हो सकता है। यह व्यक्ति बाल-बाल बचा, लेकिन अगर कोई दूसरा वाहन टकराता तो बड़ा हादसा हो जाता। गाड़ी जब्त कर ली है और आरोपी का पता चलते ही ड्राइविंग लाइसेंस सस्पेंड करने की कार्रवाई शुरू की जाएगी।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.