बुरहानपुर जिले के नेपानगर में रविवार को स्टेडियम ग्राउंड पर आयोजित भगोरिया उत्सव के दौरान दुकानदारों से ज्यादा किराया वसूले जाने का मामला सामने आया है। इस बात से नाराज दुकानदारों ने नगर पालिका के सीएमओ मोहन सिंह अलावा के बंगले के बाहर नारेबाजी कर विरोध प्रदर्शन किया। दुकानदारों का कहना है कि इस बार उनसे तय दर से कई गुना ज्यादा रकम ली गई। आरोप है कि 16 से 20 फीट जगह के लिए दो हजार रुपए और 8 फीट जगह के लिए एक हजार रुपए तक वसूले गए। जबकि पिछले कई वर्षों से भगोरिया मेले में दुकानों का किराया अधिकतम 200 रुपए तक ही लिया जाता था। इस बार अचानक किराया बढ़ाकर 1000 से 2000 रुपए कर दिया गया। दुकानदारों ने यह भी सवाल उठाया कि जिस नेहरू स्टेडियम ग्राउंड में भगोरिया हाट और दुकानें लगाई गईं, वह परिसर नेपा लिमिटेड के अधीन है। उनका कहना है कि नियम के अनुसार नगर पालिका को यहां से किसी भी प्रकार की वसूली करने का अधिकार नहीं है। 100 से 300 पहुंचा किराया
बुरहानपुर से आए दुकानदार जाविद खान ने बताया कि वे कई वर्षों से यहां बच्चों के सामान की दुकान लगाते हैं। पहले वे 50 से 100 रुपए तक किराया देते थे, लेकिन इस बार उनसे 8 फीट जगह के लिए एक हजार रुपए मांगे गए। गांधवा निवासी राधेश्याम ने बताया कि उनसे 20 फीट जगह के लिए दो हजार रुपए की रसीद काटी गई, जबकि पहले वे करीब 300 रुपए देते थे। इस मामले में सीएमओ मोहन सिंह अलावा से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया। वहीं, नगर पालिका अध्यक्ष भारती विनोद पाटिल से भी बात नहीं हो सकी। दुकानदारों ने मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.