बुरहानपुर में घरेलू गैस सिलेंडरों का पर्याप्त स्टॉक और आपूर्ति उपलब्ध है। जिला प्रशासन ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे किसी भी भ्रामक जानकारी पर ध्यान न दें और घबराएं नहीं। सामान्य बुकिंग प्रक्रिया के तहत गैस सिलेंडर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। गुरुवार को कलेक्टर हर्ष सिंह ने जिले के घरेलू गैस डिस्ट्रीब्यूटर्स के साथ बैठक की। उन्होंने गैस सिलेंडरों की उपलब्धता और आपूर्ति की स्थिति की समीक्षा की तथा आपूर्ति व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए। बैठक में बताया गया कि वर्तमान में चिकित्सालयों और शैक्षणिक संस्थाओं के अतिरिक्त अन्य वाणिज्यिक उपभोक्ताओं को कमर्शियल एलपीजी की आपूर्ति पर रोक लगाई गई है। खाद्य नागरिक आपूर्ति विभाग द्वारा जिले में घरेलू गैस सिलेंडरों की आपूर्ति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। कलेक्टर हर्ष सिंह ने संबंधित विभाग को निर्देश दिए कि नागरिकों के बीच जागरूकता बढ़ाई जाए ताकि वे किसी भी अफवाह या भ्रामक जानकारी से प्रभावित न हों। उन्हें आवश्यकतानुसार सामान्य रूप से गैस सिलेंडर की बुकिंग जारी रखने की सलाह दी गई। जिला आपूर्ति अधिकारी ने सभी होटल और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को व्यावसायिक गैस आपूर्ति बाधित होने की स्थिति में इलेक्ट्रिक भट्टी, डीजल भट्टी या अन्य प्राकृतिक संसाधनों जैसे वैकल्पिक ईंधन व्यवस्था का उपयोग करने का निर्देश दिया है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.