पूर्णिया में एक निजी ट्यूशन शिक्षक की अज्ञात अपराधियों ने अत्यंत क्रूर तरीके से हत्या कर दी। अपराधियों ने हत्या के बाद साक्ष्य छुपाने के उद्देश्य से शव को मक्के के खेत में फेंक दिया। शव मिलने के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल व्याप्त है। सूचना पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच पड़ताल में जुट गई और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए पूर्णिया जीएमसीएच भेज दिया। घटना कसबा थाना क्षेत्र के कमालपुर गांव के पास हुई है। मृतक की पहचान मथोर गांव निवासी ट्यूशन टीचर आबिद के रूप में की गई।
परिजनों से प्राप्त जानकारी के अनुसार, आबिद प्रतिदिन की तरह गुरुवार दोपहर करीब 2:00 बजे अपने घर से छात्रों को ट्यूशन पढ़ाने के लिए निकले थे। शाम ढलने के बाद भी जब वे घर नहीं लौटे, तो परिजनों को चिंता होने लगी। देर रात तक उनकी काफी खोजबीन की गई, लेकिन उनका मोबाइल स्विच ऑफ आ रहा था और कहीं कोई सुराग नहीं मिला। शनिवार की सुबह कमालपुर गांव के पास एक मक्के के खेत में सिंचाई करने पहुंचे ग्रामीण ने एक शव देखा, जिसके बाद यह खबर आग की तरह पूरे इलाके में फैल गई। हत्या की इस वारदात ने मानवीय संवेदनाओं को झकझोर कर रख दिया है।
पढ़ें: रात में घर से निकला युवक, सुबह खेत में मिला शव; पत्नी बोली- कर्ज मांगने वाला ही बना कातिल
अपराधियों ने आबिद की हत्या में चरम क्रूरता का परिचय दिया। शिक्षक के शरीर के कई हिस्सों को चाकू से बुरी तरह गोदा गया था। इतना ही नहीं, अपराधियों ने उनकी आंखों को भी गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त कर दिया था, जिससे यह स्पष्ट होता है कि अपराधियों ने बड़ी बेरहमी से इस घटना को अंजाम दिया। मृतक आबिद पिछले 20 वर्षों से अपने ससुराल मथोर में ही रहकर गांव के बच्चों को प्राइवेट ट्यूशन पढ़ाकर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे। उनके ससुर अब्दुल गफ्फार ने बताया कि आबिद एक सरल स्वभाव के व्यक्ति थे और उनका किसी से कोई विवाद या दुश्मनी नहीं थी। फिलहाल, इस घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और ग्रामीणों ने पुलिस से आरोपियों को फांसी की सजा देने की मांग की है।
घटना की सूचना मिलते ही कसबा थानाध्यक्ष ज्ञान रंजन दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। मामले की गंभीरता को देखते हुए पूर्णिया से फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। फॉरेंसिक विशेषज्ञों ने घटनास्थल से खून के नमूने और अन्य साक्ष्य एकत्र किए हैं। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए GMCH पूर्णिया भेज दिया है। थानाध्यक्ष ने बताया कि पुलिस मामले के हर पहलू से जांच कर रही है। आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और मृतक के कॉल डिटेल्स की भी जांच की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही हत्यारों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.