ग्वालियर के कोतवाली थाना क्षेत्र में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। दही मंडी स्थित मदन मोहन मार्केट में एक बेटे और बेटी ने अपनी मृत मां के शव के साथ करीब 4-5 दिन बिताए। पड़ोसियों को बदबू आने पर घटना का खुलासा हुआ, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
जानकारी के अनुसार 70 वर्षीय बुजुर्ग रिटायर्ड क्लर्क उर्मिला भदौरिया अपने बेटे अखंड प्रताप सिंह भदौरिया और बेटी रितु भदौरिया के साथ रहती थीं। शुक्रवार को दूध देने आए दूधवाले को घर से तेज बदबू आई। संदेह होने पर उसने अन्य रिश्तेदारों और आसपास के लोगों को सूचना दी। सूचना मिलने पर पड़ोसी और रिश्तेदारों ने तत्काल पुलिस को मामले की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा। मौके पर पुलिस ने जांच में पाया कि बुजुर्ग उर्मिला भदौरिया का शव बुरी तरह सड़ चुका था और उसमें कीड़े पड़ गए थे। बेटा अखंड पुलिस को शव उठाने से रोक रहा था।
ये भी पढ़ें- नंदगांव में दिनदहाड़े 65 लाख की चोरी, सूने घर का ताला तोड़ ले गए लाखों के जेवर
बेटा-बेटी मानसिक रूप से कमजोर
मृतक उर्मिला भदौरिया ग्वालियर के गोरखी स्कूल से क्लर्क पद से रिटायर्ड थीं। वही उनके पति सुरेंद्र भदौरिया की 20 साल पहले ही मौत हो चुकी है। बताया जा रहा है कि बेटा अखंड और बेटी रितु मानसिक रूप से कमजोर हैं, हालांकि अखंड ने बीटेक की पढ़ाई की है और बेटी रितु भी शिक्षित है। पुलिस ने बेटे अखंड को समझा-बुझाकर हटाया और बुजुर्ग महिला के शव को घर से निकालकर पोस्टमार्टम हाउस भेजा।
अब पीएम रिपोर्ट का इंतजार
मामले में मौके पर मौजूद पड़ोसी अभिनंदन जैन ने बताया कि बुजुर्ग उर्मिला अपने बेटे अखंड और बेटी रितु के साथ घर में रहते थे, घटना का पता उसे वक्त चला जब दूध वाला घर दूध देने आए तो उसे बदबू आई। उसने इसकी जानकारी मुझे और अन्य पड़ोसियों को दी थी। बेटा-बेटी दोनों ही मानसिक रूप से कमजोर है। घटना की जानकारी देते हुए कोतवाली थाने के एएसआई एच. नायक का कहना है कि बुजुर्ग महिला की मौत कैसे हुई, इसका पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल पाएगा।पड़ोसियों ने बदबू आने पर मामले की सूचना पुलिस को दी थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर स्पष्ट हो पाएगा कि बुजुर्ग की मौत कैसे हुई है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.