बिसाहड़ा रोड पर जारचा क्षेत्र स्थित चादर कंपनी के पास हुआ हादसा, ग्रामीणों ने दो घंटे तक किया चक्का जाम
दादरी। जारचा कोतवाली क्षेत्र में बिसाहड़ा रोड पर शनिवार देर शाम बाइक सवार भाई-बहन को वाहन ने टक्कर मार दी। इससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क पर जाम लगाकर हंगामा किया। करीब दो घंटे तक चले विरोध के बाद पुलिस के आश्वासन पर मामला शांत हुआ।
प्यावली गांव निवासी नवीन (26) बहन प्रियांशी (22) के साथ बाइक से दादरी से गांव लौट रहे थे। जब वे बिसाहड़ा रोड पर जारचा क्षेत्र स्थित चादर कंपनी के पास पहुंचे तो पीछे से आए तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। दोनों सड़क पर गिर गए और वाहन की चपेट में आ गए। हादसे की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। नवीन के दो छोटे बच्चे और तीन बहनें हैं।
घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने बिसाहड़ा रोड पर जाम लगा दिया और आरोपी वाहन चालक की तत्काल गिरफ्तारी की मांग करने लगे। जारचा कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। हालांकि शुरुआत में ग्रामीण कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे। करीब दो घंटे तक सड़क पर जाम और हंगामा चलता रहा जिससे यातायात प्रभावित हुआ।
प्रभारी निरीक्षक कैलाश नाथ ने बताया कि दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और वाहन की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। एसीपी के साथ पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि जल्द ही वाहन को चिह्नित कर चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने बताया कि हादसे के संबंध में अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। यह भी जांच की जा रही है कि दोनों ने हेलमेट पहना था या नहीं।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.