पंजाब में मोहाली के स्कूलों और विशेष रूप से फोर्टिस अस्पताल को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। बड़ी बात यह है कि इस अस्पताल में CM भगवंत मान भर्ती हैं। धमकी भरी मेल में CM के लिए विशेष रूप से लिखा गया है कि भगवंत मान को पोलोनियम से संक्रमित किया गया है। अगर वह बच गए तो बेअंत जैसा हाल करेंगे। पंजाब के दिवंगत पूर्व CM बेअंत सिंह को बम से उड़ाया गया था। धमकी मिलने के बाद पुलिस एक्शन में आ गई। स्कूलों को खाली करवा दिया गया है। सुबह साढ़े 8 बजे के करीब यह मेल आई। जबकि सोमवार से ही स्कूलों का समय बदला है। पता चला है कि बच्चे स्कूलों में पहुंच गए थे। वहीं, फोर्टिस अस्पताल का भी जिक्र है, तो सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया। तुरंत पुलिस के दस्ते व अधिकारी मौके पर पहुंच गए। धमकी मिलने के बाद फेज-2 के ज्ञान ज्योति स्कूल में छुट़टी कर दी है। स्कूल के अंदर टीम चेकिंग कर रही है। मेल में बम ब्लास्ट का 11 बजे समय लिखा गया है। मेल में जो लिखा है, वह इस प्रकार है… मोहाली के स्कूल और फोर्टिस अस्पताल को सुबह 11 बजे बम से उड़ाएंगे। पंजाब अब खालिस्तान बनकर रहेगा। स्कूलों के साथ फोर्टिस अस्पताल को भगवंत मान के लिए उड़ाया जाएगा। लोग अपने बच्चे बचाओ और आज मोहाली के स्कूल बंद रखो। भगवंत मान की लाश फोर्टिस में से निकालेंगे। मान को पोलोनियम से संक्रमित किया गया है। अगर जिंदा बच गया तो बेअंत (पूर्व CM बम धमाके में मारे गए थे) की तरह करेंगे। खालिस्तान रेफरेंडम का बदला लिया जाएगा। झूठी पुलिस मुठभेड़ का बदला गैंगस्टर लेंगे। मेल में नीचे खालिस्तान नेशनल आर्मी का नाम लिखा है। इसके साथ इंजीनियर गुरनाख सिंह, रुकन शाहवाला, डॉ. गुरमिरविर सिंह और खान राजादा का जिक्र है। CBSE के एग्जाम आज से शुरू हो रहे आज से ही CBSE के एग्जाम शुरू हो रहे है। सीबीएसई का आज 10वीं कक्षा का मैथ का पेपर है। पेपर सुबह साढ़े 10 बजे से है। ऐसे में स्कूल प्रबंधक और पेरेंटस भी आफत में हैं। SP बोले- CM की सिक्योरिटी टीम अलर्ट पर पुलिस के मुताबिक, 16 स्कूलों और अस्पतालों को यह धमकी वाली ईमेल आई है। एसपी सिटी दिलप्रीत सिंह ने बताया है कि फोर्टिस अस्पताल को बम ब्लास्ट की धमकी आई। इसके बाद 5 एंटी सबोटाज टीमें एक्टिव कर दीं। दूसरी टीमें लगी हैं। इसके बाद जो गैर जरूरी सेवाएं उन्हें रोककर चेकिंग की गई। उन्होंने कहा कि स्कूलों को धमकी आई है। वहां भी जांच चल रही है। इससे पहले जो मेल आई थी, उसकी जांच में उन ईमेल का आईपी एड्रेस USA का आया था। रिकवरी मेल एड्रेस बांग्लोदश का था। वह भी सेम एड्रेस था। पूरा प्रोटोकॉल फालो कर रहे हैं। मेल में सीएम का जिक्र है। सीएम को शिफ्ट करने के सवाल पर SP ने कहा- अभी तक कोई बात नहीं है। सीएम सिक्योरिटी टीम पूरी तरह अलर्ट है। हम भी अलर्ट पर है। यह मेल भी करीब 16 स्कूलों को आई। दस मिनट में पूरा कैंपस खाली करवाया फेज-2 के ज्ञान ज्योति स्कूल की डायरेक्टर अनित बेदी ने बताया कि आज सुबह साढ़े 8 बजे बम थ्रेट की मेल आई थी। जैसे ही हमने मेल रिसीव की, उसके बाद हमारी टीमें एक्शन में आ गईं। अब हमारी एसओपी तय हो चुकी हैं। डायरेक्टर ने कहा- 10 मिनट में कैंपस खाली कर दिया। पुलिस को हमने तुरंत सूचित किया। पीसीआर पार्टी मौके पर पहुंच गई। कई स्कूलों को मेल आई। ऐसे में पुलिस की चेकिंग टीमें हमारे स्कूल में पहुंचने वाली हैं।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.