Bokaro News: झारखंड के बोकारो से हैरान करने वाली कहानी सामने आई. यहां एक शख्स महिलाओं और युवतियों को अपने प्यार के जाल में फंसा लेता था. उसकी अदाओं पर प्रेमिकाएं दिल ही नहीं दौलत तक लुटा बैठती थीं.
बोकारोः झारखंड के बोकारो में एक ऐसा ठग पकड़ा गया है, जिसकी चिकनी-चुपड़ी बातों और सरकारी अफसर जैसी अदाओं पर महिलाएं भरोसा कर बैठती थीं. प्यार, शादी और सुरक्षित भविष्य का सपना दिखाकर वह न सिर्फ दिल जीतता था, बल्कि मौका मिलते ही जेवरात और नकदी लेकर गायब हो जाता था. लेकिन इस बार उसकी चालाकी ज्यादा दिन नहीं चल सकी और पुलिस ने उसके पूरे खेल का पर्दाफाश कर दिया.
एसपी के निर्देश पर सेक्टर-4 थाना पुलिस ने पटना के फतुहा के रहने वाले संकल्प कुमार उर्फ गोलू को गिरफ्तार किया. आरोपी खुद को कभी बैंक अधिकारी तो कभी सरकारी अफसर बताकर सोशल मीडिया के जरिए महिलाओं से दोस्ती करता था. बातचीत बढ़ते-बढ़ते प्यार में बदल जाती और फिर वह शादी का भरोसा देकर महिलाओं को अपने जाल में फंसा लेता. ऐसा ही मामला बियाडा कॉलोनी की रहने वाली एक शादीशुदा महिला अंजली सिन्हा के साथ हुआ. सोशल मीडिया पर हुई दोस्ती के बाद संकल्प ने खुद को बैंक अधिकारी बताया और शादी की बात कहकर भरोसा जीत लिया. कुछ ही दिनों में उसने महिला से कहा कि गहनों को बैंक लॉकर में सुरक्षित रख देना ठीक रहेगा. भरोसे में आई महिला ने अपने कीमती जेवर उसे सौंप दिए. इसके बाद संकल्प अचानक गायब हो गया, मोबाइल भी स्विच ऑफ कर लिया.
ज्वैलर भी था ठगी के खेल में शामिल
जब महिला को ठगी का अहसास हुआ तो उसने सेक्टर-4 थाने में शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने जांच शुरू की और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संकल्प को पटना के फतुहा से धर दबोचा. पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी अकेले काम नहीं करता था. ठगे गए जेवरात को गलाने के लिए उसने कुरथा, फतुहा स्थित शशि ज्वेलर्स के मालिक सूर्यकांत सोनी की मदद ली थी. जेवरात गलाकर छोटे-छोटे सोने के सिक्के बना दिए जाते थे, ताकि पहचान मुश्किल हो जाए.
पूछताछ में जुटी पुलिस
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से 1 लाख 75 हजार रुपये नकद और करीब 22 ग्राम सोना बरामद किया है. एसपी हरविंदर सिंह ने बताया कि संकल्प कुमार पहले भी ऐसे कई मामलों में शामिल रहा है. वह सरकारी अधिकारी बनकर महिलाओं और युवतियों को शादी का झांसा देता था और मौका मिलते ही गहने लेकर फरार हो जाता था. इस गिरफ्तारी के बाद कई पुराने मामलों के खुलने की भी उम्मीद है. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस ठगी गिरोह का जाल कितना बड़ा है और अब तक कितनी महिलाएं इसकी शिकार बन चुकी हैं.
About the Author

माखनलाल चतुर्वेदी यूनिवर्सिटी से स्नातकोत्तर किया. वर्तमान में न्यूज़18 हिंदी डिजिटल में कार्यरत. राजनीति, क्राइम से जुड़ी खबरें लिखने में रूचि.
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.