बाढ़ थाना क्षेत्र के बेढना गांव के समीप स्थित एक बगीचे में शनिवार सुबह एक अज्ञात युवक का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान अब तक नहीं हो सकी है। सूचना मिलते ही आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर पहुंच गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
स्थानीय निवासी अजय कुमार ने बताया कि वह सुबह करीब साढ़े छह बजे शौच के लिए खेत की ओर गए थे। इसी दौरान उनकी नजर एक युवक पर पड़ी, जो जमीन पर बेसुध अवस्था में पड़ा था। पहले उन्हें लगा कि युवक नशे में सो रहा होगा, लेकिन पास जाकर देखने पर उसका चेहरा पीला पड़ा हुआ था और आंखें सफेद दिखाई दे रही थीं। कुछ देर स्थिति को समझने के बाद उन्हें अनहोनी की आशंका हुई। इसके बाद वह तुरंत घर लौटे और ग्रामीणों को इसकी सूचना दी।
सूचना मिलते ही गांव में खबर आग की तरह फैल गई और देखते ही देखते घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई। बताया जा रहा है कि गांव के पास बीती रात दो अलग-अलग बारातें आई थीं। आशंका जताई जा रही है कि मृतक उन्हीं में से किसी एक बारात का सदस्य हो सकता है। हालांकि अब तक किसी ने उसकी पहचान की पुष्टि नहीं की है। आसपास के कई गांवों के लोग मौके पर पहुंचकर शव की पहचान करने का प्रयास कर चुके हैं, लेकिन सफलता नहीं मिली।
पढ़ें: शादी से लौट रहे इंटर छात्र की दर्दनाक मौत, एनएच-31 पर पोल से टकराई थी बाइक; कोहराम
घटनास्थल के पास शराब की कई खाली बोतलें भी पड़ी मिलीं। स्थानीय लोगों का अनुमान है कि अत्यधिक शराब सेवन के कारण युवक की मौत हुई हो सकती है। हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
बाढ़ थाना अध्यक्ष ब्रजकिशोर सिंह ने बताया कि शव की अब तक पहचान नहीं हो पाई है। शव के पास से सिगरेट और सुलोशन (नशे में प्रयुक्त पदार्थ) बरामद हुए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि शराब की बोतलें घटनास्थल पर पड़ी थीं, लेकिन पुलिस ने कोई शराब बरामद नहीं की है। मामले के हर पहलू से जांच की जा रही है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.