मोतिहारी के कोटवा थाना क्षेत्र स्थित मच्छर गांव में पांच दिनों से लापता छात्र का शव बनकटवा मध्य विद्यालय परिसर स्थित तालाब से बरामद हुआ है। शव मिलने के बाद ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने स्कूल प्रबंधन तथा पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।
ग्रामीणों ने पुलिस और स्कूल प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। उनका कहना था कि यदि समय रहते कदम उठाए जाते तो छात्र की जान बचाई जा सकती थी।
SP ने दोषियों को शीघ्र गिरफ्तार करने का दिया निर्देश
मामले की गंभीरता को देखते हुए मोतिहारी एसपी स्वर्ण प्रभात देर रात घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने पूरे क्षेत्र का जायजा लिया और अधिकारियों से घटना के संबंध में विस्तार से जानकारी ली। एसपी ने जांच टीम को मामले की हर पहलू से बारीकी से जांच करने और दोषियों को शीघ्र गिरफ्तार करने का निर्देश दिया।
इसके बाद एसपी ने कोटवा थाना पहुंचकर थाने का निरीक्षण किया और कांड के अनुसंधान में तेजी लाने का निर्देश दिया। परिजनों और स्थानीय लोगों के अनुसार, विद्यालय का छात्र पिछले पांच दिनों से लापता था। परिवार और ग्रामीणों ने कई बार पुलिस को इसकी सूचना दी थी।
पुलिस पर लापरवाही का आरोप
ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया और स्कूल परिसर के तालाब की जांच तक नहीं की, जबकि छात्र को आखिरी बार इसी इलाके में देखा गया था। तालाब में शव मिलने के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन पर कार्रवाई में लापरवाही और देरी का आरोप लगाते हुए जवाबदेही की मांग की है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है, जबकि पुलिस अब मामले की जांच तेजी से आगे बढ़ा रही है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.