दयाल कायथ और करण ने की बेहतरीन बल्लेबाजी
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। ब्लैक बॉयज रामपुर की टीम ने दमदार प्रदर्शन करते हुए हिमाचल प्रदेश की सबसे बड़ी सुकेत कप क्रिकेट प्रतियोगिता पर अपना कब्जा जमाया। दयाल कायथ और करण उर्फ सहवाग ने विपक्षी टीम पीएलबी सुपर किंगस के गेंदबाजों के छक्के छुड़ाए। रामपुर पहुंचने पर टीम के खिलाड़ियों का फूलमालाओं से स्वागत किया। करसोग में क्रिकेट प्रतियोगिता का खिताबी मुकाबला ब्लैक बॉयज रामपुर और पीएलबी सुपर किंगस के बीच हुआ। ब्लैक बॉयज ने पहले बल्लेबाजी करने हुए निर्धारित 10 ओवर में 168 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। सलामी बल्लेबाज के तौर पर मैदान में उतरे दयाल कायथ ने ताबड़तोड़ 60 रन और करण ने 34 रन की पारी खेली। इसके बाद बॉबी और कप्तान हर्ष कायथ ने पारी को संभालते हुए टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचाया। कप्तान हर्ष ने अंतिम ओवर में 30 रन बनाए। वहीं, सुपर किंगस की ओर से अनिल भंडारी ने भी ताबड़तोड़ अर्धशतकीय पारी खेली। हालांकि, टीम को जीत नहीं दिला पाए। ब्लैक बॉयज रामपुर की टीम ने मुकाबला 49 रनों से जीत लिया। मुख्य अतिथि ने विजेता टीम को 2 लाख रुपये नकद राशि और ट्रॉफी से सम्मानित किया। उपविजेता टीम को 1 लाख रुपये की राशि और ट्रॉफी से सम्मानित किया। वहीं, करण को सर्वश्रेष्ठ विकेटकीपर, 5,500 नकद राशि व ट्रॉफी, दिलीप दीपू सर्वश्रेष्ठ क्षेत्ररक्षक, 5,500 व ट्रॉफी, खिताबी मुकाबले में दयाल सिंह कायथ को मैन ऑफ द मैच और सेमीफाइनल में धमाकेदार पारी खेलने पर बॉबी मेहता को मैन ऑफ द मैच चुना गया। टीम के कप्तान हर्ष कायथ ने ऐतिहासिक जीत का श्रेय पूरी टीम, प्रबंधन और प्रशंसकों को दिया। ब्लैक बॉयज स्पोर्ट्स क्लब के संयोजक दुर्गा प्रसाद, अध्यक्ष देवेंद्र बोरिस, पूर्व प्रधान दयाल कायथ, अनिल कायथ और कोषाध्यक्ष सुनील चौहान ने टीम को बधाई दी है।

सुकेत कप की विजेता बनी ब्लैक बॉयज टीम का रामपुर में मालाएं पहनाकर किया स्वागत। संवाद