सड़क हादसे के मामले में भाजपा विधायक रेणुका सिंह के बेटे बलवंत सिंह को पुलिस ने गिरफ्तार किया और उसे जमानत भी दे दी गई।
राजधानी रायपुर में बाइक सवार को टक्कर मारने वाले बीजेपी विधायक के बेटे को पुलिस ने गिरफ्तार किया और थाने से ही उसे बेल भी मिल गई है। वहीं, हादसे में घायल युवक की हालत गंभीर बनी हुई है। मामला तेलीबांधा थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक, घटना 5 जनवरी की रात करीब डेढ़ बजे की है। अग्रसेन धाम चौक के पास कार सवार भाजपा विधायक रेणुका सिंह के बेटे बलवंत सिंह ने बाइक सवार त्रिभुवन सिंह ठाकुर को टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाइक सवार चौक से गुजर रहा था, तभी तेज रफ्तार से आ रही कार बेकाबू होकर बाइक से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार सड़क पर दूर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया।
आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और घायल को एम्बुलेंस के जरिए अस्पताल पहुंचाया। पुलिस जब मौके पर पहुंची तो आरोपी की कार ही मिली, आरोपी भाग गया था। जिसके बाद उसके खिलाफ बीएनएस के तहत लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने का मामला दर्ज किया और 6 जनवरी की रात पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया और थाने से उसे जमानत मिल गई।
पहले देखिए हादसे से जुड़ी ये तस्वीरें…
टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार की एयर बैग तक निकल गई।

हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
जानिए क्या है पूरा मामला ?
थाना प्रभारी अविनाश सिंह के मुताबिक, तेलीबांधा का रहने वाला त्रिभुवन सिंह ठाकुर (34) डीजे इवेंट का काम करता है। 5 जनवरी की रात करीब 1:15 बजे वह सेरीखेड़ी से काम खत्म कर बाइक से वापस तेलीबांधा लौट रहा था। इसी दौरान अग्रसेन धाम चौक के पास कार (CG 04 PC 0853) ने उसे टक्कर मार दी।
जिससे भाजपा विधायक रेणुका सिंह बलवंत सिंह (33 साल) चला रहा था। वहीं, इस हादसे में त्रिभुवन गंभीर रूप से घायल हो गया, अस्पताल में उसका इलाज जारी है। घटना की सूचना पर पेट्रोलिंग पार्टी मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। इसके बाद पीड़ित के भाई राज नारायण सिंह (31) ने थाने में शिकायत दर्ज कराई।
वाहन मालिक की जानकारी सामने आई
जिस पर पुलिस ने धारा 281 और 125(a) में मामला दर्ज किया और दुर्घटनाग्रस्त वाहन को जब्त कर लिया है। जांच में सामने आया कि कार जयप्रकाश उपाध्याय, निवासी रामानुज नगर, कुशालपुर (सरगुजा) के नाम से पंजीकृत है। नोटिस देने पर वाहन मालिक ने बताया कि घटना के समय कार बलवंत सिंह ही चला रहा था।

घटना तेलीबांधा थाना क्षेत्र के अग्रसेन धाम चौक के पास की है। कार का सामने का हिस्सा चपट गया था।
जोरा मॉल लौटने समय हुआ हादसा
घटना के बाद पुलिस ने आरोपी बलवंत सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह घटना के समय जोरा मॉल से तेलीबांधा की ओर आ रहा था, जबकि उसके साथी पीछे दूसरी कार में थे। अग्रसेन धाम चौक के पास अचानक बाइक सामने आने से कार का संतुलन बिगड़ गया और हादसा हो गया। फिलहाल, पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।
हर साल बढ़ रहा हादसे और मौत का आंकड़ा
छत्तीसगढ़ में सड़क हादसों से होने वाली मौतों की संख्या हर साल लगातार बढ़ती जा रही है। सड़क सुरक्षा से जुड़ी अंतर्विभागीय नोडल एजेंसी के आंकड़े बताते हैं कि राज्य में स्थिति बेहद गंभीर होती जा रही है। साल 2023 में प्रदेश में 7,156 सड़क दुर्घटनाएं दर्ज की गईं, जिनमें 3,338 लोगों की जान चली गई।
साल 2024 में हादसों की संख्या बढ़कर 7,693 पहुंच गई और इनमें 3,753 लोगों की मौत हुई। साल 2025 में स्थिति और भी भयावह नजर आ रही है। 15 नवंबर तक प्रदेश में 13,504 सड़क दुर्घटनाएं हो चुकी हैं, जिनमें 11,554 लोग घायल हुए हैं, जबकि 5,955 लोगों की जान चली गई। आंकड़े साफ तौर पर बताते हैं कि सड़क हादसे अब राज्य के लिए एक बड़ी चुनौती बनते जा रहे हैं।
राष्ट्रीय स्तर पर भी सड़क दुर्घटनाओं की तस्वीर चिंताजनक है। साल 2023 में देश में सबसे अधिक सड़क हादसे तमिलनाडु में दर्ज किए गए, जहां कुल 67,213 दुर्घटनाएं हुईं। वहीं सड़क दुर्घटनाओं में सबसे ज्यादा मौतों का रिकॉर्ड उत्तर प्रदेश के नाम रहा, जहां 23,652 लोगों की जान गई।

छत्तीसगढ़ में हर साल सड़क हादसों की संख्या में इजाफा हो रहा है।
इन कारणों से होते हैं हादसे
- ओवरस्पीडिंग (तेज रफ्तार चलाना)
- लापरवाह ड्राइविंग और नशे में वाहन चलाना
- ओवरलोडिंग और गलत तरीके से सामान व यात्री ले जाना
- सड़क व वाहन की खराब स्थिति
- यातायात नियमों की अनदेखी
हादसे से बचने के लिए क्या करें
- स्पीड लिमिट का पालन करें, निर्धारित गति सीमा पर ही वाहन चलाएं।
- शराब पीकर वाहन न चलाएं।
- वाहन चलाते समय हेलमेट, सीट बेल्ट, चाइल्ड लाँक का प्रयोग करें।
- सड़क व वाहन का रख-रखाव, गड्ढे भरे, संकेतक लगाए और वाहन की सर्विसिंग नियमित कराएं।
- चालकों को प्रशिक्षण, सख्ती व सड़क सुरक्षा शिक्षा अनिवार्य हो।
……………………………
यह खबर भी पढ़ें…
रायपुर के फॉर्म हाउस-कार में लड़कों की ड्रग्स पार्टी, VIDEO: प्लेट-मोबाइल पर ATM से लाइन बनाकर नाक से खींचते दिखे; शहर में 3 गैंग एक्टिव

फार्म हाउस में ATM से लाइन बनाकर ड्रग्स लेते हुए युवक।
रायपुर के होटल में ड्रग्स चाटती लड़की का वीडियो वायरल होने के बाद अब 3 युवकों के ड्रग्स पार्टी का 3 वीडियो वायरल हो रहा है। टेबल पर बैठकर युवक प्लेट-मोबाइल पर ड्रग्स रखकर ATM कार्ड से पाउडर की लाइन बनाते, फिर रोल से नाक के सहारे खींचते दिख रहे हैं। पढ़ें पूरी खबर…
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.