मधुबनी के बिस्फी थाना में डायल 112 पर तैनात सहायक उप-निरीक्षक (ASI) कमलेश राम को निलंबित कर दिया गया है। पुलिस अधीक्षक (SP) योगेंद्र कुमार ने उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने का भी आदेश दिया है। यह कार्रवाई सोशल मीडिया पर शराब मांगने का एक वीडियो वायरल होने के बाद की गई है। एसपी योगेंद्र कुमार ने बुधवार को बताया कि मंगलवार को उन्हें सोशल मीडिया के माध्यम से एक वीडियो प्राप्त हुआ था। इस वीडियो में कथित तौर पर बिस्फी थाना के डायल-112 में प्रतिनियुक्त ASI कमलेश राम एक व्यक्ति से अवैध शराब की मांग करते दिख रहे थे। पुलिस विभाग की छवि धूमिल करने और घोर अनुशासनहीनता के इस कृत्य को गंभीरता से लेते हुए, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) बेनीपट्टी अमित कुमार द्वारा मामले की जांच कराई गई। यह वीडियो 3 मार्च का बताया जा रहा है। जांच के बाद, त्वरित दंडात्मक कार्रवाई करते हुए ASI कमलेश राम को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। साथ ही, उनके खिलाफ विभागीय अनुशासनिक कार्यवाही शुरू करने का भी आदेश दिया गया है। कमलेश राम और सुंदर लाल यादव पर बिहार मद्य निषेध अधिनियम की धाराओं के तहत नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है, और आगे की जांच जारी है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.