Commercial LPG Gas Cylinders Affected: मिडिल ईस्ट में जारी युद्ध के असर से कमर्शियल LPG गैस सिलेंडर की सप्लाई प्रभावित हो गई है, जिससे बिलासपुर के रेस्टोरेंट और होटल संचालकों की चिंता बढ़ गई है. पिछले तीन दिनों से गैस नहीं मिलने के कारण शहर के कई रेस्टोरेंट बंद होने की कगार पर हैं. होटल और रेस्टोरेंट संचालकों ने सरकार से कम से कम सीमित कोटे में गैस सिलेंडर उपलब्ध कराने की मांग की है.
सप्लाई बंद होने से बढ़ी रेस्टोरेंट संचालकों की चिंता
पिछले तीन दिनों से कमर्शियल LPG सिलेंडर की सप्लाई पूरी तरह बंद होने की वजह से शहर के सैकड़ों रेस्टोरेंट और होटल संकट में हैं. कई जगहों पर गैस खत्म होने की स्थिति बन गई है और संचालक वैकल्पिक व्यवस्था के बारे में सोचने को मजबूर हो गए हैं. यदि स्थिति इसी तरह बनी रही तो शहर में कई रेस्टोरेंट अस्थायी रूप से बंद हो सकते हैं.
ग्राहकों को भी हो सकती है भारी परेशानी
रेस्टोरेंट बंद होने की स्थिति में उन लोगों को सबसे ज्यादा दिक्कत होगी जो रोजाना होटल और ढाबों में भोजन करते हैं. खासकर नौकरीपेशा लोग, छात्र और बाहर से आने वाले यात्री होटल और रेस्टोरेंट पर ही निर्भर रहते हैं. ऐसे में गैस संकट का असर सीधे आम लोगों की दिनचर्या पर पड़ सकता है.
रेस्टोरेंट संचालक बोले- हमें भी मिले सीमित कोटा
रेस्टोरेंट संचालक रितेश ने बताया कि उन्हें जानकारी मिली है कि फिलहाल रेस्टोरेंट और होटलों को गैस सिलेंडर नहीं दिए जा रहे हैं. उन्होंने कहा कि पिछले दो दिनों से वे लगातार प्रयास कर रहे हैं, लेकिन सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है. उनका कहना है कि जिस तरह से अस्पताल और विद्यालयों को गैस का कोटा दिया गया है, उसी तरह रेस्टोरेंट और होटलों के लिए भी सीमित कोटा तय किया जाना चाहिए.
बुकिंग के बीच बढ़ी परेशानी
ग्रैंड लोटस रेस्टोरेंट के संचालक देवाशीष ने बताया कि उनके यहां पहले से ही शादी और अन्य कार्यक्रमों की कई बुकिंग हो चुकी हैं. लेकिन पर्याप्त मात्रा में गैस सिलेंडर उपलब्ध नहीं होने के कारण बड़ी परेशानी खड़ी हो गई है. उन्होंने कहा कि यदि गैस नहीं मिली तो कार्यक्रमों में आने वाले लोगों को उचित सेवा देना मुश्किल हो जाएगा, जिससे आयोजकों और रेस्टोरेंट दोनों को नुकसान होगा.
होटल एसोसिएशन ने सरकार से लगाई गुहार
होटल संचालक संघ के सचिव प्रतीक उपावेजा ने कहा कि सरकार की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक पत्र नहीं मिला है कि होटल और रेस्टोरेंट को गैस नहीं दी जाएगी. हालांकि, पिछले दो दिनों से लगातार प्रयास करने के बावजूद सिलेंडर नहीं मिल रहा है. उन्होंने कहा कि देश के कई बड़े शहरों में होटल और रेस्टोरेंट बंद होने की खबरें मिल रही हैं, जिससे बिलासपुर के व्यापारियों की चिंता भी बढ़ गई है.
वैकल्पिक व्यवस्था पर भी विचार
होटल संचालक अब वैकल्पिक व्यवस्था की भी सोच रहे हैं. जरूरत पड़ने पर लकड़ी या अन्य साधनों से खाना बनाने की तैयारी की जा रही है. हालांकि, संचालकों का कहना है कि यह स्थायी समाधान नहीं है और सरकार को जल्द ही गैस सप्लाई की व्यवस्था करनी चाहिए.
About the Author
Deepti Sharma, currently working with News18MPCG (Digital), has been creating, curating and publishing impactful stories in Digital Journalism for more than 6 years. Before Joining News18 she has worked with Re…और पढ़ें
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.