गैस संकट की आशंका से बढ़ी बिक्री
गोल बाजार के दुकान संचालक नवीन कुमार ओपानी ने बताया, पहले रोजाना दो से तीन इंडक्शन ही बिकते थे, लेकिन अब एक दिन में 12 से 15 इंडक्शन आसानी से बिक जा रहे हैं. गैस सिलेंडर की कमी की आशंका के कारण लोग डर गए हैं और वैकल्पिक व्यवस्था के रूप में इंडक्शन खरीद रहे हैं.
इंडक्शन की कीमतों में भी बढ़ोतरी
नवीन कुमार के अनुसार, मांग बढ़ने के कारण इंडक्शन की कीमतों में भी करीब 10 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी हो गई है. इसके साथ ही कई लोग पुराने इंडक्शन चूल्हे, जो लंबे समय से इस्तेमाल में नहीं थे, उन्हें भी रिपेयर कराने के लिए दुकानों पर पहुंच रहे हैं.
चिंता में खरीद रहे इंडक्शन
इंडक्शन खरीदने पहुंचे विक्की मखीजा ने बताया कि फिलहाल गैस सिलेंडर मिल रहा है, लेकिन आगे स्थिति खराब होसकती है. इसी वजह से लोग पहले से तैयारी कर रहे हैं. उनका कहना है कि बिजली की उपलब्धता के कारण इंडक्शन इस्तेमाल करना आसान है, इसलिए लोग इसे बेहतर विकल्प मान रहे हैं.
इन लोगों को ज्यादा परेशानी
विक्की मखीजा ने कहा कि जो लोग बाहर से बिलासपुर में काम के लिए आए हैं या किराए पर रहते हैं, उन्हें ज्यादा दिक्कत हो रही है. पहले वे आसानी से गैस भरवा लेते थे, लेकिन अब कई जगह गैस नहीं मिल रही है. ऐसे में गैस चूल्हे के विकल्प के तौर पर इंडक्शन खरीदना मजबूरी बन गया है.
दो दिन में स्टॉक खत्म
दुकान संचालक राहुल गुप्ता ने बताया कि उनके पास करीब 500 पीस इंडक्शन का स्टॉक था, जो दो दिनों के अंदर ही खत्म हो गया. मांग इतनी ज्यादा बढ़ गई है कि अब नए ऑर्डर देने पड़ रहे हैं. उन्होंने खुद भी 200 पीस का नया ऑर्डर दिया है, लेकिन सप्लाई करने वालों के पास भी पर्याप्त स्टॉक नहीं बचा है.
गांव से भी आ रहे खरीदार
राहुल गुप्ता के मुताबिक केवल शहर ही नहीं, बल्कि आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से भी लोग इंडक्शन खरीदने पहुंच रहे हैं. गैस सिलेंडर की कमी की आशंका के चलते लोग पहले से ही विकल्प तैयार कर रहे हैं. यही वजह है कि बाजार में इंडक्शन चूल्हे की मांग तेजी से बढ़ गई है.
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.